रायपुर। ‘खाने को अन्न, पीने को पानी… जय बाबा बर्फानी’ के जयकारों के बीच राजधानी रायपुर में अमरनाथ यात्रा के पंजीयन के लिए भक्तों का उत्साह चरम पर है। हालात यह हैं कि टोकन पाने के लिए श्रद्धालु एक दिन पहले ही बोरिया-बिस्तर लेकर बैंकों के बाहर पहुंच रहे हैं और रातभर लाइन में खड़े रह रहे हैं।
शहर के State Bank of India की जयस्तंभ चौक शाखा, Jammu and Kashmir Bank (लालगंगा कॉम्प्लेक्स, जीई रोड) और Punjab National Bank (कटोरा तालाब शाखा) के बाहर बुधवार तड़के से ही सैकड़ों लोगों की भीड़ देखी गई। बैंक खुलने से पहले तक लंबी कतारें लग चुकी थीं।
रोजाना सिर्फ 100-100 टोकन
तीनों अधिकृत बैंकों में प्रतिदिन केवल 100-100 लोगों को ही टोकन जारी किया जा रहा है। टोकन के आधार पर पांच-पांच लोगों के समूह में अंदर प्रवेश दिया जाता है, जहां दस्तावेजों की जांच के बाद पंजीयन प्रक्रिया पूरी की जाती है और यात्रा के लिए टिकट जारी किया जाता है।
मेडिकल फिटनेस अनिवार्य
अमरनाथ यात्रा पर जाने के इच्छुक श्रद्धालुओं को पहले मेडिकल परीक्षण कराना अनिवार्य है। फिट पाए जाने पर ही वे जरूरी दस्तावेजों के साथ बैंक में पंजीयन करवा सकते हैं।
15 अप्रैल से पंजीयन, 3 जुलाई से यात्रा
इस वर्ष अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीयन 15 अप्रैल से शुरू हो चुका है। यात्रा 3 जुलाई से प्रारंभ होकर 9 अगस्त तक चलेगी।
श्रद्धालुओं का उत्साह, कष्ट नहीं मानते कठिनाई
लाइन में लगे श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए यह कष्ट भी उन्हें स्वीकार है। कुकरी पारा के राजेंद्र साहू ने बताया कि वे रात से ही लाइन में खड़े हैं। जोरापारा निवासी भुवन चंद्र यादव और महासमुंद के झलप गांव से आए सूर्यकांत देवांगन भी एक दिन पहले ही रायपुर पहुंचकर कतार में लग गए।
बैंकों और समाजसेवियों की पहल
लंबी कतार को देखते हुए बैंकों की ओर से चाय-नाश्ता और पानी की व्यवस्था की जा रही है। वहीं कुछ समाजसेवी संगठन भी श्रद्धालुओं के लिए भोजन-पानी की सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं। फिलहाल पंजीयन और टोकन के लिए श्रद्धालुओं को मशक्कत करनी पड़ रही है, लेकिन आस्था के आगे यह इंतजार भी छोटा नजर आ रहा है।




















