छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश का दौर कमजोर है, लेकिन अगले तीन दिनों में मौसम करवट ले सकता है. 8 सितंबर से उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के बाद इसका असर धीरे-धीरे मध्य हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है. कई जगह हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है.
8 सितंबर से बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 8 सितंबर को सरगुजा और बलरामपुर में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका है.
9 सितंबर को छह जिलों में असर
9 सितंबर को बारिश का दायरा बढ़कर सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, कोरबा और बलौदाबाजार तक पहुंच सकता है. इन जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना जताई गई है.
10 सितंबर को 16 जिलों में अलर्ट
10 सितंबर को बारिश का प्रभाव और व्यापक होने की संभावना है. सरगुजा, जशपुर, कोरिया, एमसीबी, बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मुंगेली, बलौदाबाजार, रायपुर, बेमेतरा, दुर्ग और महासमुंद में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.
11 और 12 सितंबर को भी बारिश
मौसम विभाग ने 11 और 12 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है. दोनों दिनों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है. अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
फसलों के लिए बारिश का अंतर अहम
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसूनी बारिश सामान्य से करीब 4 फीसदी कम है. हालांकि कुल कमी से ज्यादा बारिश का अंतर महत्वपूर्ण है. 8 से 10 सितंबर के बीच बारिश होने से कम नमी वाले खेतों में धान समेत खरीफ फसलों को फायदा मिल सकता है. वहीं लगातार तेज बारिश से निचले इलाकों में जलभराव का खतरा रहेगा, इसलिए पानी की निकासी जरूरी होगी.


















