छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ इलाके से रविवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक साथ हजारों लोगों के मोबाइल फोन हैक होने की खबर मिली है। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और बड़ी संख्या में यूजर्स तकनीकी परेशानी का सामना कर रहे हैं। प्रभावित लोगों के अनुसार, उनके स्मार्टफोन में इंस्टॉल किए गए अधिकांश एप्लीकेशन काम नहीं कर रहे हैं। हालांकि, हैरानी की बात यह है कि इनकमिंग और आउटगोइंग कॉल की सुविधा सामान्य रूप से चालू है। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि यह कोई बड़ा साइबर अटैक या तकनीकी गड़बड़ी हो सकती है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि अचानक फोन की ऐप्स बंद हो गईं और कई यूजर्स अपने जरूरी डिजिटल कार्य नहीं कर पा रहे हैं। इस समस्या का असर ऑनलाइन पेमेंट, सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल सेवाओं पर भी पड़ा है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 3 मई को सारंगढ़ जिले के हजारों स्मार्टफोन अचानक बंद होने लगे. सुबह 5 बजे से ही यूजर्स के मोबाइल हैक हो गए. सभी यूजर्स की स्क्रीन एक जैसी ही दिखाई दे रही है. जिन लोगों का मोबाइल हैक हुआ है, उन सभी ने शंकर मोबाइल नाम की दुकान से मोबाइल खरीदा था. पुलिसकर्मी, डॉक्टर समेत आम लोगों के मोबाइल ने काम करना बंद कर दिया. स्क्रीन लॉक हो जाने से यूजर्स केवल कॉलिंग का उपयोग कर पा रहे हैं. अन्य किसी भी एप इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं.
24 घंटे में भी स्थिति नहीं सुधरी
मोबाइल को हैक हुए करीब 24 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है. अभी भी यूजर्स को राहत नहीं मिली है. एक ग्राहक ने बताया कि उसका मोबाइल रविवार को सुबह 5 बजे अचानक लॉक हो गया. वे कॉलिंग के अलावा कोई और एप इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं. वहीं, अन्य उपयोगकर्ता का कहना है कि उसका मोबाइल 3 मई को सुबह 6 बजे हैक हो गया. दोनों ग्राहकों ने एक दुकान शंकर मोबाइल से स्मार्टफोन खरीदा था.
मोबाइल डीलर का क्या कहना हैं?
दुकानदार (शंकर मोबाइल डीलर) का इस बारे में कहना है कि बहुत सारे लोग मोबाइल का इस्तेमाल कर पा रहे हैं. फोन आ रहा है और जा रहा है लेकिन अन्य एप का इस्तेमाल संभव नहीं हो पाया है. दरअसल, जिन लोगों ने मोबाइल फाइनेंस पर खरीदा है. उनके फोन पर एक एप की (app key) एंटर की जाती है. ये एप हैक हो गई है. इस वजह से ग्राहक फोन का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं. कंपनी और टेक्निकल टीम इसे अनलॉक करने में जुटी है. वहीं, प्रशासन का कहना है कि अनलॉक कराने की कार्रवाई की जा रही है.



















