बीते महीने अर्नब और मुरासु जैसे चक्रवाती तूफानों से मची तबाही के बाद अब बंगाल की खाड़ी में एक और तूफान का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ घंटों में दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। जानकारी के मुताबिक आगामी 15 नवंबर तक यह और तीव्र हो सकता है।
जानकारों की मानें तो शुक्रवार को बनने वाला यह कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में भी बदल सकता है। यह ‘अकवान’ के नाम से जाना जाएगा। इसे यह नाम ईरान ने दिया है। इस नए सिस्टम के धीरे-धीरे तीव्र होने और 15 नवंबर तक श्रीलंका की ओर बढ़ने की संभावना है। यहां मौसम अगर तूफान के मुताबिक हुआ तो यह और ताकतवर बन सकता है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
गुरुवार दोपहर को जारी मौसम विभाग के अपडेट के मुताबिक 13 और 14 नवंबर को तमिलनाडु के उत्तरी तटीय और पश्चिमी घाट जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 15 और 16 नवंबर को तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी जिलों के घाट क्षेत्रों के साथ-साथ दक्षिण तमिलनाडु और डेल्टा जिलों में मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा 17 और 18 नवंबर को तेनकासी, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी जिलों और पश्चिमी घाट के जिलों में मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं मौसम विभाग ने समुद्र की स्थिति अत्यधिक खराब रहने की संभावना को देखते हुए मछुआरों को 15-16 नवंबर तक समुद्र में ना जाने की सलाह दी है। वहीं जो मछुआरे पहले से ही गहरे समुद्र में हैं। उन्हें कल तक तट पर लौटने को कहा गया है।
अर्नब और मुरासु ने मचायी थी तबाही
गौरतलब है कि बीते 15 अक्टूबर को पूर्वोत्तर मॉनसून की शुरुआत के बाद से बंगाल की खाड़ी में यह इस तरह की चौथी घटना है। इससे पहले बने चार मौसमी मामलों में से 2 ‘अर्नब’ और ‘मुरासु’ ने भीषण तबाही मचाई थी। आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु जैसे कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं की वजह से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया था और कई लोगों की जानें भी गई थीं।
फिलीपींस में आ रहा है ‘टोमास’
इस बीच दिसंबर में फिलीपींस की तरफ भी एक तूफान आ रहा है। फिलीपींस की मौसम एजेंसी ‘पागासा’ ने चेतावनी दी है कि साल खत्म होने से पहले देश में चक्रवाती गतिविधियां बढ़ सकती हैं। एजेंसी के मुताबिक नवंबर में एक या दो और दिसंबर में भी एक या दो चक्रवात फिलीपींस के क्षेत्र में प्रवेश कर सकते हैं या विकसित हो सकते हैं। इस सिस्टम को ‘टोमास’ नाम दिया जाएगा। हालांकि फिलहाल टोमास के बनने या फिलीपींस के क्षेत्र में प्रवेश करने की कोई निश्चित तारीख अभी तय नहीं है। लेकिन भारतीय मौसम विभाग इस सिस्टम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं ताकि लोगों को अलर्ट किया जा सके।


















