सत्ताधारी भाजपा की सहयोगी पार्टी, टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) ने राज्य की विधानसभा के बाद दूसरे सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक निकाय त्रिपुरा ट्राइबल एरियाज ऑटोनॉमस डिस्ट्रिक्ट काउंसिल (टीटीएएडीसी) में पूर्ण बहुमत हासिल की। टीएमपी ने राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस निकाय पर अपना नियंत्रण बरकरार रखा है। 30 सदस्यों वाले टीटीएएडीसी में 28 चुने हुए प्रतिनिधि और राज्य सरकार द्वारा नामित दो सदस्य शामिल हैं, और यह त्रिपुरा के 10,491 वर्ग किलोमीटर भौगोलिक क्षेत्र के लगभग 70 प्रतिशत हिस्से का प्रशासन करता है। प्रद्योत बिक्रम माणिक्य देबबर्मा के नेतृत्व वाली टीएमपी ने अब तक 18 सीटें हासिल कर ली हैं और चार अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रही है।
वहीं, भाजपा ने दो सीटें जीती हैं और चार अन्य सीटों पर आगे चल रही है। सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाला वाम मोर्चा और कांग्रेस पार्टी, 2021 के टीटीएएडीसी चुनावों की तरह ही, एक बार फिर अपना खाता खोलने में नाकाम रही है। 2021 के टीटीएएडीसी चुनावों में भाजपा ने 11 सीटों पर चुनाव लड़ा था और नौ सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा समर्थित एक निर्दलीय उम्मीदवार ने भी जीत दर्ज की थी और बाद में टीएमपी में शामिल हो गए। पिछले चुनावों (2021) में टीएमपी 18 सीटें जीती थीं, और कई वर्षों के बाद सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे से परिषद का नियंत्रण छीन लिया था।
अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय और राज्य, दोनों सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ, राज्य भर के सभी 17 मतगणना केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जनजातीय परिषद चुनावों में चुनावी मुकाबला तीन राष्ट्रीय पार्टियों सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), विपक्षी सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले वाम मोर्चा और कांग्रेस के बीच था। इनके अलावा दो प्रमुख क्षेत्रीय पार्टियां, टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) और इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) भी मैदान में थीं। कई छोटी पार्टियां और निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे थे। एसईसी अधिकारियों के अनुसार, भाजपा, टीएमपी और वाम मोर्चा ने सभी 28 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे।
कांग्रेस ने 27 सीटों पर चुनाव लड़ा, जबकि आईपीएफटी ने 24 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए। इसके अलावा, 38 निर्दलीय उम्मीदवारों और छोटी पार्टियों के उम्मीदवारों ने भी चुनाव में हिस्सा लिया। त्रिपुरा की 42 लाख की आबादी में जनजातीय समुदायों की हिस्सेदारी लगभग एक-तिहाई है, और वे राज्य की राजनीति में एक निर्णायक भूमिका निभाते हैं। 12 अप्रैल के चुनावों में 9,62,697 पात्र मतदाताओं में से 83.52 प्रतिशत से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इन चुनावों के नतीजे ही 173 उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे।




















