छत्तीसगढ़ भीषण गर्मी का दौर जारी है. यहां का तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने वाला है. हालांकि छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज भी तेजी से बदल रहा है. मौसम विभाग अगले 24 से 48 घंटे के दौरान कुछ जिलों में हल्की बारिश के साथ-साथ अंधड़ चलने की संभावना जताई है.
छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज
रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में तापमान में हल्की गिरावट देखी जा सकती है. वहीं दक्षिणी जिलों में बारिश की गतिविधियां ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है. राजधानी रायपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान करीब 44°C और न्यूनतम 29°C के आसपास रहने का अनुमान है.
दिन में लू जैसे हालात
दिन में लू जैसे हालात बने रह सकते हैं, जबकि रात में उमस बढ़ सकती है. पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार, राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों में कुछ स्थानों पर ग्रीष्म लहर जारी रह सकती है, लेकिन इसके साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं.
कलेक्टर गौरव सिंह ने भी दिए निर्देश
वहीं राजधानी रायपुर में बढ़ती गर्मी और लू को लेकर जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है. कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सभी विभागों को तत्काल प्रभाव से व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजारों में प्याऊ शुरू की गई है. इसके अलावा शहर में कूलिंग शेल्टर बनाए जा रहे हैं. हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है. शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पताल में ORS, दवाइयां और IV फ्लूड का स्टॉक बढ़ाया गया.



















