ब्रेकिंग खबरें

अपराधराष्ट्रीय

पूजा कराने आए 2 पंडितों समेत पत्नी की हत्या

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई. अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम एक घर में पूजा का आयोजन चल रहा था. इसी दौरान विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई. आरोप है कि बाजार से घर पहुंचे अरविंद सिंह का पूजा करा रहे पंडितों से आधार कार्ड मांगने को लेकर विवाद हो गया. बात बढ़ने पर पिस्टल से फायरिंग किए जाने का आरोप है. गोलीबारी में अरविंद सिंह की पत्नी बबीता समेत तीन लोग घायल हो गए. बाद में तीनों की मौत हो गई. मृतकों में दो पंडित बताए जा रहे हैं. इनमें पंडित महेंद्र पाठक का नाम सामने आया है. घटना के बाद पूजा में शामिल अन्य पंडित मौके से फरार हो गए.

घटना के बीच अरविंद सिंह के परिवार से जुड़ी पुरानी घटना भी सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, करीब दो साल पहले उसके भाई गुड्डू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इसके बाद गुड्डू सिंह की आत्मा की शांति के लिए परिवार में पूजा कराने की बात चल रही थी. बताया जा रहा है कि अरविंद सिंह इस पूजा के खिलाफ था. उसने पूजा नहीं कराने को कहा था. इसके बावजूद परिवार की तरफ से घर पर पूजा रखी गई. मंगलवार शाम इसी पूजा के दौरान विवाद हुआ और मामला फायरिंग तक पहुंच गया. हालांकि विवाद की पूरी वजह और गोलीबारी में तीन लोगों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.

करीब दो साल पहले हुई थी अरविंद के भाई की हत्या

घटना के बाद एक और संवेदनशील जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि अरविंद सिंह ने अपने दोनों बेटों को एक कमरे में बंद कर रखा है और खुद असलहों के साथ मौजूद है. जानकारी के मुताबिक, उसके पास परिवार के तीन लाइसेंसी असलहे हैं. उसके पास 40 से ज्यादा कारतूस होने की बात भी सामने आई है. स्थिति को देखते हुए पुलिस बेहद सावधानी से कार्रवाई कर रही है और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती. मीडिया और ग्रामीणों को भी घटनास्थल से दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई है.

ताजा जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर मौजूद हैं. पुलिस अरविंद सिंह से बातचीत के जरिए स्थिति को संभालने का प्रयास कर रही है. दोनों बच्चों के कमरे में होने और अरविंद के हथियारों के साथ मौजूद होने की सूचना के चलते पुलिस बेहद सतर्क है. कोशिश की जा रही है कि बातचीत के जरिए स्थिति को नियंत्रित किया जाए और किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो.

पुलिस ने शुरू की घटनास्थल की जांच

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की. पुलिस ने हथियार और गोलीबारी से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. घटना के बाद पूजा में शामिल अन्य पंडितों के मौके से फरार होने की भी जानकारी सामने आई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. फिलहाल गोलीबारी की वास्तविक वजह और तीनों मौतों की परिस्थितियां पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना की पूरी तस्वीर सामने आएगी.  

What's your reaction?

Related Posts