Ganga Dussehra: गंगा दशहरा पर कल करें ये उपाय, सुख-समृद्धि में वृद्धि की मान्यता

Ganga Dussehra 2025: हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल ज्येष्ठ माह की दशमी तिथि को गंगा दशहरा का पर्व मनाया जाता है। इस साल गंगा दशहरा 05 जून 2025, गुरुवार को है। मान्यता है कि इस दिन ही मां गंगा का धरती पर अवतरण हुआ था। इसलिए इस दिन गंगा स्नान व पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन स्नान व दान करने से पापों से मुक्ति मिलती है। गंगा दशहरा के दिन कुछ उपायों को करने से जीवन में सुख-समृद्धि व सौभाग्य आने की मान्यता है। जानें गंगा दशहरा के दिन क्या उपाय करने चाहिए।
गंगा दशहरा उपाय-
1. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, गंगा दशहरा के दिन स्नान आदि करने के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण करें। पूजा करने के बाद पूरे घर में गंगा जल का छिड़काव करना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। इससे परिवार के सदस्यों के बीच प्यार बढ़ता है और आर्थिक लाभ होता है।
2. धन संबंधी परेशानियों को दूर करने के लिए गंगा दशहरा के दिन दक्षिणावर्ती शंख में गंगा जल भरकर उससे भगवान विष्णु का अभिषेक करना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से भगवान श्रीहरि के साथ माता लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
3. सुख-समृद्धि की प्राप्ति के लिए गंगा दशहरा के दिन पीपल के पेड़ पर एक लोटा जल अर्पित करना चाहिए। हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार, पीपल में भगवान विष्णु का वास होता है।
4. गंगा दशहरा के दिन गर्मी से राहत प्रदान करने वाली चीजें जैसे छाता, टोपी, जल, सूती वस्त्र व मौसमी फल आदि का दान करना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से जीवन में आर्थिक संपन्नता आती है और पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
5. गंगा दशहरा के दिन किसी पवित्र नदी में स्नान करना चाहिए। अगर ऐसा करना संभव नहीं है तो घर पर स्नान के पानी में गंगा जल मिलाकर स्नान करना चाहिए। इस दिन भगवान शिव की विधिवत पूजा व जलाभिषेक करना अत्यंत शुभ माना गया है। मान्यता है कि ऐसा करने से जीवन में धन-धान्य बढ़ता है।