Priyanka Gandhi: जगदलपुर में भरोसे का सम्मेलन आज, प्रियंका गांधी होंगी शामिल
Priyanka Gandhi: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में गुरुवार को लालबाग मैदान में भरोसे का सम्मेलन आयोजित होना है। इसमें शामिल होने बस्तर आ रही प्रिंयका वाड्रा गांधी को राज्य सरकार नक्सलवाद को पछाड़कर बस्तर में हो रहे विकास का प्रेजेंटेशन दिखाएगी। सम्मेलन में विकास प्रदर्शनी लगाई गई है। सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और सरकार के सभी मंत्री मौजूद रहेंगे।
प्रदर्शनी में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद बीते चार साल में बस्तर के विकास को तस्वीरों और माडल के माध्यम से दिखाया गया है। संभाग के सातों जिले सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर ने अपने-अपने क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों को फोकस किया है।
इसी तरह नक्सल प्रभावित क्षेत्र में अंदरुनी क्षेत्रों तक सुरक्षा बलों के कैंप खोलने, सड़कों, पुलों का जाल बिछाने, बस्तर के हस्तशिल्पियों को बाजार उपलब्ध कराते हुए अधिकाधिक लोगों को रोजगार से जोड़ने, मिलेट की खेती को बढ़ावा देने, बस्तर काफी, पपीता, चाय की खेती सहित विभिन्ना क्षेत्रों में मिल रही सफलता को प्रमुखता से बताया गया है। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।
इस साल विधानसभा चुनाव होना है। बीते चार साल में यह अब तक का बस्तर में सबसे बड़ा सम्मेलन है। इसे कांग्रेस के चुनावी अभियान का शुभारंभ माना जा रहा है। सम्मेलन को भव्य बनाने सरकार ने पूरी ताकत लगा दी है। एक लाख से अधिक भीड़ आने की संभावना जताई गई है।