श्रीनगर-दिल्ली उड़ान में सवार होने आए एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने 26 जुलाई को श्रीनगर हवाई अड्डे पर स्पाइसजेट के चार कर्मचारियों से कथित तौर पर मारपीट की। इसमें एक कर्मी की रीढ़ की हड्डी और दूसरे का जबड़ा टूटा गया।
आरोपी की पहचान लेफ्टिनेंट कर्नल आरके सिंह के रूप में हुई है। वह गुलमर्ग स्थित हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल में तैनात हैं। उन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो किसी व्यक्ति को जानबूझकर चोट पहुंचाने से संबंधित है। यात्री को ‘नो-फ्लाई’ सूची में डाल दिया गया है। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
यह है मामला
स्पाइसजेट के अनुसार, 26 जुलाई को उड़ान संख्या एसजी-386 श्रीनगर से दिल्ली जाने वाली थी। सैन्य अधिकारी दो बैग लेकर आए, जिसका वजन 16 किलो था। नियमानुसार केवल सात किलो तक सामान ही बिना अतिरिक्त शुल्क ले जाने की अनुमति है। एयरलाइन के ग्राउंड स्टाफ ने उन्हें अधिक वजन के लिए शुल्क देने को कहा तो उन्होंने मना कर दिया और जबरन बोर्डिंग ब्रिज की तरफ बढ़ गए। इस पर सीआईएसएफ का एक जवान उन्हें वापस गेट पर ले आया। यहां उन्होंने स्पाइसजेट के चार कर्मचारियों पर लाइन में रखे जाने वाले स्टैंड से हमला कर दिया। इसमें एक की रीढ़ की हड्डी और दूसरे का जबड़ा टूट गया।
जांच में सहयोग कर रहे
इस मामले में सेना ने कहा कि जांच में पुलिस को सहयोग दिया जा रहा है। सेना अनुशासन-आचरण के उच्चतम मानक बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी आरोपों को गंभीरता से लेती है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों ने भी हमले की निंदा की है।



















