ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र का असर, 28 अगस्त तक छत्तीसगढ़ में बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 28 अगस्त तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

 अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं।

राजधानी रायपुर में 23 अगस्त को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। शहर के कुछ इलाकों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

 प्रदेश में तापमान की बात करें तो अंबिकापुर में अधिकतम 31.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से करीब 8 प्रतिशत कम है। वहीं पिछले 24 घंटे में रामचंद्रपुर में सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बारिश के दौरान गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

What's your reaction?

Related Posts