ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयट्रेंडिंग

वंदेभारत स्लीपर ट्रेन… किफायती किराये में विमान यात्रा का मिलेगा अनुभव

मालदा/गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन स्टेशन से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही भारतीय रेलवे के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया।

सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस ये ट्रेन हावड़ा से गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलेगी। पीएम मोदी ने कहा, ऐसी ट्रेनें निकट भविष्य में पूरे देश में चलेंगी। प्रधानमंत्री ने मालदा से इस ट्रेन का उद्घाटन करने के साथ ही, गुवाहाटी से हावड़ा के लिए वापसी यात्रा वाली ट्रेन को भी वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने ट्रेन के भीतर स्कूली बच्चों से संवाद भी किया।

पूरी तरह वातानुकूलित

यह स्लीपर ट्रेन आधुनिक भारत की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। यह यात्रियों को किफायती किराए में विमान जैसी यात्रा का अनुभव कराएगी। यह ट्रेन हावड़ा-गुवाहाटी मार्ग पर यात्रा के समय को करीब 2.5 घंटे कम कर देगी। इससे पूर्वोत्तर भारत में पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। ट्रेन में 16 कोच होंगे… 11 थर्ड एसी, 4 सेकंड एसी और 1 फर्स्ट एसी। 180 किमी/घंटा की अधिकतम रफ्तार से चलने वाली ट्रेन में सेंसर-आधारित शौचालय, बेहतर कुशनिंग, कवच सुरक्षा प्रणाली होगी। बर्थ पर उपर जाने के लिए सीढ़ियां और गरम पानी भी उपलब्ध रहेगा।

छह अमृत भारत एक्सप्रेस समेत 8 अन्य ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

मालदा में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में पीएम मोदी ने 3,250 करोड़ रुपये से अधिक की कई रेल और सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने छह नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों भी हरी झंडी दिखाई। ये ट्रेनें हैं न्यू जलपाईगुड़ी-नागरकोइल, न्यू जलपाईगुड़ी-तिरुचिरापल्ली, अलीपुरद्वार-एसएमवीटी बंगलूरू, अलीपुरद्वार-मुंबई (पनवेल), गुवाहाटी (कामाख्या) रोहतक और डिब्रूगढ़-लखनऊ (गोमती नगर) अमृत भारत एक्सप्रेस। इसके अलावा उन्होंने एलएचबी कोचों से लैस दो नई ट्रेन सेवाओं- राधिकापुर-एसएमवीटी बंगलूरू एक्सप्रेस और बालुरघाट-एसएमवीटी बंगलूरू एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई। प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में चार प्रमुख रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें बालुरघाट और हिली के बीच नई रेल लाइन, न्यू जलपाईगुड़ी में अगली पीढ़ी की माल ढुलाई रखरखाव सुविधाएं, सिलीगुड़ी लोको शेड का उन्नयन और जलपाईगुड़ी जिले में वंदे भारत ट्रेन रखरखाव सुविधाओं का आधुनिकीकरण शामिल है।

What's your reaction?

Related Posts