Raipur News: रायपुरः अभनपुर क्षेत्र में बीमारी ठीक करने और सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक महिला से दुष्कर्म और 44 लाख रुपये की ठगी हो गई। मध्यप्रदेश निवासी आशाराम चौधरी ने खुद को बैगा बताकर महिला को झाड़-फूंक से माइग्रेन ठीक करने का भरोसा दिलाया। बाद में नेताओं और अधिकारियों से पहचान होने का दावा करते हुए सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। महिला का आरोप है कि इसी दौरान आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया और जानकारी किसी को देने पर बदनाम करने की धमकी दी। अभनपुर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपित फरार है। पुलिस ठगी और दुष्कर्म से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।
बीमारी ठीक करने के बहाने बढ़ाई
नजदीकी : पीड़िता एक शासकीय कर्मचारी की पत्नी है और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उसे माइग्रेन की शिकायत थी। इसी दौरान उसकी पहचान अभनपुर में किराए के मकान में रहने वाले आशाराम चौधरी से हुई। आरोपित ने खुद को बैगा बताते हुए झाड़-फूंक से बीमारी ठीक करने का दावा किया। इलाज के बहाने उसने महिला का विश्वास हासिल किया।
नौकरी का झांसा देकर लिए रुपयेः
इसके बाद आरोपित ने महिला को सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। उसने नेताओं और अधिकारियों के साथ अपनी तस्वीरें दिखाकर बड़े लोगों से संपर्क होने का दावा किया। महिला के मुताबिक नौकरी लगवाने के नाम पर उससे 44 लाख रुपये ले लिए। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो महिला ने रकम वापस मांगनी शुरू की। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म भी किया। नौकरी नहीं लगने और रकम वापस नहीं मिलने पर उसने पति को पूरी घटना बताई।


















