रायपुर। अश्विनी नगर क्षेत्र में सोमवार सुबह बैडमिंटन खेलते समय 57 वर्षीय कारोबारी अमृत बजाज की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना ने खेल मैदान में मौजूद लोगों के साथ पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत का कारण सडन कार्डियक अरेस्ट बताया गया है।
जानकारी के मुताबिक अमृत बजाज रोजाना की तरह सुबह अश्विनी नगर स्थित सोनकर बाड़ी ग्राउंड में बैडमिंटन खेलने पहुंचे थे। खेल के दौरान उन्होंने एक शॉट लगाया और जैसे ही शटल उठाने के लिए नीचे झुके, अचानक कोर्ट पर गिर पड़े। पहले साथ खेल रहे साथियों को लगा कि संतुलन बिगड़ने से वे गिरे हैं, लेकिन जब शरीर में कोई हलचल नहीं हुई तो सभी घबरा गए।
मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर सडन कार्डियक अरेस्ट को मौत की वजह बताया है। बताया जा रहा है कि वे मधुमेह के मरीज थे।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिचितों और मित्रों के अनुसार वे नियमित रूप से व्यायाम और खेल गतिविधियों में हिस्सा लेते थे।




















