ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

महिलाओं की सुरक्षा के लिए 16 घंटे पुलिस पेट्रोलिंग  

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने महिलाओं की सुरक्षा की दिशा में नई पहल करते हुए पिंक पेट्रोल यूनिट का गठन किया है। रविवार को अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित कांबले द्वारा हरी झंडी दिखाकर पेट्रोलिंग टीम को रवाना किया गया। रायपुर के तीनों पुलिस कमिश्नरी जोन में दो पालियों में 16 घंटे चार-चार कर्मियों की टीम पेट्रोलिंग करेगी। जिनका काम महिलाओं की सुरक्षा, सहायता और काउंसलिंग देना तो होगा ही, महिला जागरूकता के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

हेल्पलाइन नंबर 9479210932 पर तुरंत मिलेगी सहायता

महिला सुरक्षा जागरूकता, हेल्पलाइन प्रचार एवं ईव-टीजिंग/स्टॉकिंग संभावित क्षेत्रों में सरप्राइज पेट्रोलिंग की जाएगी। महिला सुरक्षा हेतु समर्पित व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94792-10932 पर कॉल करने से तुरंत सहायता मिलेगी। यूनिट की पेट्रोलिंग पार्टी को रवाना करने के मौके पर एडिशनल डीसीपी सीएडब्ल्यू/ हेडक्वार्टर डॉ. अर्चना झा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मध्य तारकेश्वर पटेल, सहायक पुलिस आयुक्त सीएडब्ल्यू रुचि वर्मा व अन्य अधिकारी उपस्थित थे। यूनिट के अंतर्गत कुल 27 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की टीम गठित की गई है।

सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक टीम रहेगी एक्टिव

पिंक पेट्रोलिंग टीम प्रतिदिन दो शिफ्टों में कार्य करेगी, जिसमें पहली शिफ्ट प्रात: 06 बजे से दोपहर 02 बजे तक तथा दूसरी शिफ्ट दोपहर 02 बजे से रात्रि 10 बजे तक संचालित होगी। महिला संबंधी अपराध या किसी परेशानी से संबंधित सूचना पर टीम तुरंत मौके पर पहुंचेगी। स्कूल, कॉलेज, मॉल एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं को सुरक्षा कानूनों की जानकारी, हेल्पलाइन नंबर तथा सुरक्षा संबंधी सुझावों का प्रचार-प्रसार करेगी।

चार कर्मियों की टीम में होंगी दो महिला स्टाफ

तीनों जोन कमिश्नरी में चार-चार कर्मियों की दो टीम 8-8 घंटे तैनात रहेगी। एक टीम में दो महिला स्टाफ होगी। मदद के लिए सेपरेट मोबाइल नंबर जारी किया है। टीम कामकाजी महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करेगी। हॉस्टल एवं पीजी में रहने वाली महिलाओं से सतत संपर्क बनाए रखा जाएगा। आवश्यकता होने पर मौके पर ही काउंसलिंग एवं अन्य सहायता दी जाएगी।

डॉ. संजीव शुक्ला पुलिस कमिश्नर रायपुर।

What's your reaction?

Related Posts