ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

रायपुर में मार्च की शुरुआत के साथ बढ़ी गर्मी, तापमान 37 डिग्री पार

रायपुर। मार्च का पहला सप्ताह शुरू होते ही राजधानी में गर्मी का असर तेज होने लगा है। अभी गर्मी का मौसम पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन तेज धूप और सूखे मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार को दिनभर तेज धूप के कारण शहर में गर्मी का असर साफ नजर आया और कई जगह सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी। लोग धूप से बचने के लिए छांव और ठंडी जगहों का सहारा लेते नजर आए।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। तापमान में इस बढ़ोतरी के कारण दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का अहसास बढ़ गया है।

द्रोणिका का नहीं दिखा असर

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बिहार से झारखंड होते हुए दक्षिण छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर द्रोणिका बनी हुई है। आमतौर पर ऐसी स्थिति में मौसम में बदलाव और हल्की बारिश की संभावना रहती है, लेकिन रायपुर में इसका कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा और रविवार को मौसम पूरी तरह सूखा बना रहा।

कम नमी और धीमी हवा से बढ़ी गर्मी

रविवार को दिन के समय हवा में नमी केवल 28 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे वातावरण में खुश्क और चुभने वाली गर्मी महसूस हुई। वहीं हवा की गति भी बहुत कम रही और करीब किलोमीटर प्रति घंटा ही दर्ज की गई। कम नमी और धीमी हवा के कारण गर्मी का असर और ज्यादा महसूस हुआ। प्रदेश में रायपुर सबसे गर्म शहरों में रहा।

अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आसमान में हल्की धुंध रह सकती है। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले दो दिनों तक मौसम के गर्म और शुष्क बने रहने की संभावना है। फिलहाल बारिश या आंधी की कोई संभावना नहीं जताई गई है।

What's your reaction?

Related Posts