रायपुर। राजधानी में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा (हेरोइन) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 7 ग्राम चिट्टा बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को टीम को सूचना प्राप्त हुई थी कि श्री मेडिशाइन अस्पताल के पीछे एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर बिक्री की फिराक में घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसीपी इशू अग्रवाल तथा थाना प्रभारी न्यू राजेंद्र नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सौरभ ठाकुर (29 वर्ष) निवासी न्यू राजेंद्र नगर बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 7 ग्राम मादक पदार्थ चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 153/26 के तहत धारा 21(बी) एवं 29 नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए मादक पदार्थ की कुल कीमत लगभग 70 हजार रुपये है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया गया है। आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




















