ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयट्रेंडिंगराजनीति

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ फाउंडर का इंस्टाग्राम हैक, अभिजीत दीपके पर शिकंजे की चर्चा तेज

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि उनका पर्सनल इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया गया है और अब वह तमाम कोशिशों के बाद भी इसे ऐक्सेस नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना है कि उनकी पार्टी का बैकअप इंस्टाग्राम अकाउंट भी कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था। हालांकि बाद में इसे फिर से शुरू कर दिया गया। उन्होंने अपने निजी एक्स अकाउंट पर पोस्ट करके ये जानकारियां दी हैं। दीपके ने खुद पर शिकंजा कसे जाने का डर भी जाहिर किया है। बता दें कि दीपके महाराष्ट्र के रहने वाले हैं और फिलहाल बोस्ट में रह रहे हैं। सीजेआई सूर्यकांत की युवाओं को लेकर कॉकरोच वाली टिप्पणी के बाद उनकी पार्टी को तेजी से लोकप्रियता मिली है।

बता दें कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का एक्स हैंडल भारत में बंद कर दिया गया है। हालांकि अन्य देशों में इसे देखा जा सकता है। दूसरी ओर इंस्टाग्राम पर इसने बीजेपी और कांग्रेस को भी काफी पीछे छोड़ दिया है और इके दो करोड़ के आसपास फॉलोअर हो गए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी इस समय इंटरनेट पर खूब वायरल है। कॉकरोच जनता पार्टी ने इस्टा पर अभी 80 के करीब ही पोस्ट किए हैं। इसके बाद भी फॉलोअर्स की संख्या 2.18 करोड़ को पार कर गई।

विपक्षी दलों का मिल रहा साथ

कॉकरोच जनता पार्टी को विपक्षी दलों का साथ मिल रहा है। केरल में कांग्रेस, उसके सहयोगी आईयूएमएल और विपक्षी दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कई युवा नेताओं ने इसका समर्थन किया है। नवनिर्वाचित विधायक अबिन वर्की (कांग्रेस), पी के नवास और टी पी अशरफअली (आईयूएमएल), तथा वी के सनोज (माकपा) ने शुक्रवार को सीजेपी का समर्थन किया। इस व्यंग्यात्मक अभियान को छात्र नेताओं का भी साथ मिला है, जिसमें ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एसएफआई) के प्रदेश अध्यक्ष एम शिवप्रसाद ने इसके पक्ष में बात की।

एक टेलीविजन चैनल से बात करते हुए युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष वर्की ने कहा कि केंद्र सरकार के खिलाफ वाजिब सवाल उठाने वाले किसी भी आंदोलन का समर्थन करने में कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि सीजेपी द्वारा उठाए गए मुद्दे महत्वपूर्ण हैं। वर्की ने कहा, “सीजेपी द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और उनके द्वारा उठाए गए अन्य मुद्दे वैध हैं।”

सीजेपी के असली ‘एक्स’ हैंडल को भारत में रोके जाने पर उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा स्वतंत्र समाचार पोर्टल और सोशल मीडिया हैंडल को बंद करने की कोशिश की जा रही है, जो एक “फासीवादी” प्रवृत्ति को दर्शाता है। उन्होंने सवाल किया, “केंद्र डरा हुआ क्यों है? इससे पता चलता है कि सीजेपी द्वारा उठाए गए मुद्दे सही जगह चोट कर रहे हैं।” इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) विधायक नवास ने भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सीजेपी के युवाओं के बीच बढ़ते प्रभाव से असहज है, इसलिए उसका ‘एक्स’ हैंडल ब्लॉक किया जा रहा है।

उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि सीजेपी गरीब और बेरोजगार युवाओं की आवाज का मंच बन गया है, जिससे केंद्र सरकार परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सांप्रदायिक राजनीति के जरिए ध्यान भटकाने की कोशिशों के बीच केंद्र सरकार युवाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर बोलते हुए बर्दाश्त नहीं कर पा रही है।

What's your reaction?

Related Posts