महाराष्ट्र के नागपुर में एक वायुसेना अधिकारी की पत्नी के साथ कथित दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कम से कम दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक मौलाना अभी फरार बताया जा रहा है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि महिला को धमकाकर और दबाव बनाकर उसके साथ जबरदस्ती की गई तथा धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने की कोशिश की गई। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया है। वीडियो में पीड़िता को कथित रूप से मदद के लिए गुहार लगाते हुए देखा जा रहा है।
बता दें कि पुलिस ने अय्याज ताज मादरे और आमीन शेख को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा तामिया के रहने वाले हजरत मौलाना की तलाश जारी है। जानकारी के मुताबिक महिला के पति इस समय वायुसेना में अधिकारी हैं और इस समय दूसरे शहर में पोस्टेड हैं।
नशीला पदार्थ बनाकर बनाया अश्लील वीडियो
अय्याज पर आरोप है कि वह महिला को लेकर वर्धा रोड के एक होटल में गया था। इसके बाद उसने जूस में मिलाकर कोई नशीला पदार्थ पिलाया। आरोप है कि बेहोशी की हालत में ही उसने रेप किया और फिर अश्लील विडीयो भी बना लिया। इसके बाद से वह वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर महिला का यौन शोषण करता रहा। ब्लैकमेल करके उसने तीन लाख से ज्यादा की उगाही भी की थी।
तीनों आरोपियों ने मिलकर करवाया धर्मांतरण
महिला का कहना है कि उसपर इस्लाम अपनाने का दबाव बनाया जाता था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि धर्म परिवर्तन करवाने के लिए कई धार्मिक क्रियाएं करवाई गईं। एक वीडियो में यह भी है कि आरोपी महिला के साथ कलमा पढ़ रहा है। शिकायत में कहा गया है कि 31 मई को तीनों आरोपी महिला को लेकर कमलेश्वर नगर गए थे और वहां कलमा पढ़वाकर दावा किया कि उसका धर्मांतरण हो गया है।
पीड़िता का पति जब अपने घर लौटा तो महिला ने सारी बात उनसे बताई। इसके बाद सोनगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने ऐक्शन लेते हे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और तीनों के खिलाफ धर्मांतरण की कोशिश, रेप, जबरन वसूली, ब्लैकमेलिंग और काला जादू प्रतिबंध कानून के तहत केस दर्ज किया गया। गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

















