नई दिल्ली: CRED के फाउंडर कुणाल शाह व्हाट्सएप को ग्लोबल लेवल पर लीड करने के लिए मेटा से जुड़ेंगे। मेटा CRED में 90 करोड़ डॉलर (लगभग 8,550 करोड़ रुपये) का निवेश कर रही है। कुणाल शाह (kunal shah) ने सोमवार को घोषणा की कि वह फिनटेक कंपनी के सीईओ के तौर पर अपनी ऑपरेशनल भूमिका छोड़ रहे हैं।
यह घोषणा मेटा की ओर से CRED में 90 करोड़ के निवेश के साथ की गई है। यह कंपनी के सीरीज H फंडिंग राउंड का हिस्सा है। इस डील के तहत, मेटा बेंगलुरु स्थित फिनटेक फर्म में लगभग 20% माइनॉरिटी हिस्सेदारी हासिल करेगा।
इस निवेश से CRED की पोस्ट-मनी वैल्यूएशन लगभग 4.5 अरब डॉलर (43,239 करोड़ रुपये) हो गई है। फंडिंग में प्राइमरी और सेकेंडरी शेयर खरीद का कॉम्बिनेशन शामिल है।

FreeCharge से CRED बनाने तक
अपनी यात्रा को याद करते हुए शाह ने CRED की शुरुआत FreeCharge से बाहर निकलने के बाद के वर्षों में बताई।kunal shah ने एक पोस्ट में लिखा, ‘काफी समय हो गया है’ और याद किया कि कैसे उन्होंने 2015-2018 का समय सीखने, निवेश करने और एक साधारण सवाल पर सोचने में बिताया- ‘भरोसे को इनाम क्यों नहीं मिल सकता?’ अपनी निजी पूंजी में से 10 लाख डॉलर का इस्तेमाल करके शाह ने क्रेडिट कार्ड बिल समय पर चुकाने वाले यूजर्स को इनाम देने के लिए CRED को लॉन्च किया था।
2019 और 2025 के बीच कंपनी शून्य से 1.7 करोड़ मेंबर्स तक बढ़ी। पेमेंट, लेंडिंग, इंश्योरेंस, कॉमर्स, वेल्थ मैनेजमेंट और क्रेडिट कार्ड के क्षेत्रों में विस्तार किया। ग्लोबल इन्वेस्टर्स से 90 करोड़ डॉलर से अधिक जुटाए। शाह ने कहा कि CRED ने चार एम्प्लॉई स्टॉक ओनरशिप प्लान (ESOP) बायबैक भी किए। सालाना रेवेन्यू को लगभग 32.5 करोड़ डॉलर (लगभग 3,200 करोड़ रुपये) तक पहुंचाया।
पहला प्रॉफिटेबल क्वार्टर
इस एंटरप्रेन्योर ने 2026 को कंपनी के लिए एक अहम साल बताया। शाह ने लिखा, ‘पहला प्रॉफिटेबल क्वार्टर (हालांकि कभी-कभी पूछा जाता है कि हमारा बिजनेस मॉडल क्या है)।’
उन्होंने CRED के पांचवें ESOP बायबैक की भी घोषणा की। कहा कि कंपनी अब अपने विकास के अगले चरण में प्रवेश कर रही है।
उन्होंने लिखा, ‘CRED अपने अगले चरण के लिए तैयार है। मैं पीछे हट रहा हूं और मितेन संपत एक बेहद टैलेंटेड टीम के साथ मिलकर अंतरिम सीईओ के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह 2020 से स्ट्रैटेजी और फाइनेंस को संभाल रहे हैं और मुझे झेल रहे हैं।’ शाह ने कहा कि वह कंपनी में शेयरहोल्डर बने रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘मेरी प्रतिबद्धता नहीं बदलेगी, बस भूमिका बदलेगी।’
मेटा बनी स्ट्रैटेजिक इन्वेस्टर
मेटा ने कन्फर्म किया कि वह इस ट्रांजैक्शन के जरिए CRED में माइनॉरिटी इन्वेस्टर बनेगी। लेकिन, इस बात पर जोर दिया कि उसे कस्टमर की जानकारी का एक्सेस नहीं मिलेगा। शाह ने कहा, ‘मेटा CRED में माइनॉरिटी इन्वेस्टर के तौर पर आ रही है। मेंबर डेटा का कोई एक्सेस नहीं होगा।’
कंपनी ने भी साफ किया कि स्ट्रैटेजिक इन्वेस्टर बनने के बावजूद उसे CRED के कस्टमर डेटा का एक्सेस नहीं मिलेगा।
व्हाट्सएप में नया चैप्टर
अपने इस कदम के बारे में शाह ने कहा कि व्हाट्सएप के बड़े ग्लोबल स्केल के बावजूद उन्हें इसमें काफी संभावनाएं दिखती हैं जिनका अभी तक इस्तेमाल नहीं हुआ है।
उन्होंने लिखा, ‘जहां तक मेरी बात है, मैं व्हाट्सएप को ग्लोबल स्तर पर लीड करने के लिए मेटा से जुड़ूंगा। हालांकि, यह काफी आगे बढ़ चुका है। लेकिन, आज के व्हाट्सएप और इसकी पूरी क्षमता के बीच का अंतर बहुत बड़ा है।’
शाह ने कहा कि वह मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग, चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर क्रिस कॉक्स और बड़ी लीडरशिप टीम के साथ काम करने के लिए उत्साहित हैं।
उन्होंने व्हाट्सएप के निवर्तमान चीफ विल कैथकार्ट का भी धन्यवाद करते हुए कहा, ‘विल, ऐसी चीज को बड़े स्तर पर ले जाने के लिए धन्यवाद जिस पर दुनिया चुपचाप भरोसा करती है। इस बदलाव को आसान बनाने के लिए भी।’


















