ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राजनीति

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र समर्पण हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

अनुच्छेद 370 हटाना और सीएए लागू करना डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम : साव

बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा है कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र समर्पण, त्याग और बलिदान हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए डॉ. मुखर्जी ने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार आज भी देश को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर आयोजित व्याख्यानमाला एवं छात्र सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक कारणों से लंबे समय तक डॉ. मुखर्जी के योगदान को भुलाने का प्रयास किया गया, जबकि वे राष्ट्र निर्माण के प्रमुख शिल्पकारों में से एक थे। कम आयु में ही उन्होंने शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रहित के क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया।

अरुण साव ने कहा कि देश के विभाजन के समय डॉ. मुखर्जी ने पीड़ित हिंदू परिवारों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया और संयुक्त बंगाल के प्रस्ताव का विरोध किया। उन्होंने भारतीय भाषाओं, संस्कृति और परंपरा पर आधारित शिक्षा व्यवस्था की परिकल्पना की थी, जिसे आज नई शिक्षा नीति के माध्यम से साकार किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने अनुच्छेद 370 और कश्मीर की परमिट व्यवस्था का कड़ा विरोध किया था। उनका प्रसिद्ध नारा “एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान नहीं चलेंगे” राष्ट्रीय एकता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक था। इसी संकल्प के साथ उन्होंने कश्मीर में प्रवेश किया और अंततः राष्ट्रहित में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 को समाप्त कर और नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) लागू कर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय एकता की अवधारणा भी डॉ. मुखर्जी की सोच से प्रेरित है।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ललित प्रकाश पटैरिया, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, भाजपा नेता दीपक सिंह, मोहित जायसवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

What's your reaction?

Related Posts