ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़अंतराष्ट्रीयराष्ट्रीय

महादेव बेटिंग ऐप का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर ओमान में गिरफ्तार, भारत ने शुरू की प्रत्यर्पण प्रक्रिया

नई दिल्ली/रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए इसके प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान में हिरासत में लिया गया है। भारतीय जांच एजेंसियों द्वारा जारी इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने यह कार्रवाई की। आरोप है कि चंद्राकर फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट के जरिए ओमान में दाखिल हुआ था। गिरफ्तारी के बाद भारत सरकार ने उसके प्रत्यर्पण की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सौरभ चंद्राकर को मस्कट स्थित हाई-सिक्योरिटी अल खौद डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। भारतीय एजेंसियां अब उसे भारत लाने के लिए ओमान सरकार के समक्ष आवश्यक कानूनी दस्तावेज प्रस्तुत कर रही हैं। भारत और ओमान के बीच प्रत्यर्पण संधि होने से एजेंसियों को प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।

कौन है सौरभ चंद्राकर?

छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी सौरभ चंद्राकर ने अपने शुरुआती दिनों में जूस की दुकान चलाई और कपड़े की दुकान में भी काम किया। वर्ष 2019 में वह दुबई चला गया, जहां उसने अपने सहयोगी रवि उप्पल के साथ मिलकर महादेव ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क का विस्तार किया। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह नेटवर्क बाद में देश-विदेश में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा माध्यम बन गया।

क्या है महादेव बेटिंग ऐप मामला?

जांच एजेंसियों के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, टेनिस, बैडमिंटन समेत कई खेलों के अलावा पोकर, तीन पत्ती और अन्य ऑनलाइन गेमों पर अवैध सट्टेबाजी कराई जाती थी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और अन्य एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग और हजारों करोड़ रुपये के वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही हैं। ईडी के अनुसार, मामले में अब तक कई छापेमारी की जा चुकी हैं और बड़ी मात्रा में संपत्तियां जब्त या कुर्क की गई हैं।

पहले भी हुई थी गिरफ्तारी की कोशिश

सौरभ चंद्राकर वर्ष 2019 से भारत से बाहर था और लंबे समय तक संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रह रहा था। वर्ष 2024 में उसे दुबई में भी इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर हिरासत में लिया गया था, लेकिन उस समय उसका प्रत्यर्पण नहीं हो सका। अब ओमान में गिरफ्तारी के बाद भारतीय एजेंसियों ने उसे भारत लाने की प्रक्रिया फिर से तेज कर दी है।

What's your reaction?

Related Posts