ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंग

चार युवकों की स्टंटबाजी पड़ी महंगी, रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने काटा 4,500 रुपये का चालान

रायपुर। सार्वजनिक सड़क पर एक दोपहिया वाहन पर चार सवारी बैठाकर स्टंटबाजी करना चार युवकों को महंगा पड़ गया। समाचार पत्र में प्रकाशित एक तस्वीर के आधार पर संज्ञान लेते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने संबंधित युवकों की पहचान कर उन्हें यातायात कार्यालय बुलाया और मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत 4,500 रुपये का चालान किया।

पुलिस के अनुसार, समाचार पत्र में प्रकाशित तस्वीर में चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर सार्वजनिक मार्ग पर खतरनाक तरीके से स्टंट करते दिखाई दिए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर युवकों को यातायात कार्यालय बुलाकर पूछताछ और सत्यापन किया गया।

कई धाराओं के तहत हुई कार्रवाई

जांच के बाद युवकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 3/181, 5/180, 184 एवं 128/194(सी) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। नियमों के उल्लंघन पर कुल 4,500 रुपये का चालान काटा गया।

अभिभावकों को भी दी गई समझाइश

कार्रवाई के दौरान युवकों के साथ उनके अभिभावकों को भी बुलाया गया। यातायात पुलिस अधिकारियों ने उन्हें सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी, ओवरलोडिंग और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की हरकतें न केवल वाहन चालक बल्कि अन्य राहगीरों की जान को भी खतरे में डालती हैं। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि इस तरह की लापरवाही दोबारा सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ और अधिक कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील

यातायात पुलिस, कमिश्नरेट रायपुर ने आम नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं और उनके अभिभावकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि दोपहिया वाहन पर निर्धारित संख्या से अधिक सवारी न बैठाएं, स्टंटबाजी और तेज रफ्तार से बचें तथा हमेशा यातायात नियमों का पालन करें।

What's your reaction?

Related Posts