बिलासपुर। जिला अधिवक्ता संघ चुनाव 25 जुलाई को जिला कोर्ट परिसर स्थित नवीन सामुदायिक भवन में होगी और मतदान की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में कुल 2,446 पंजीकृत अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। डाक मतपत्र के लिए 25 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से आज 17 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला न्यायालय परिसर में इन दिनों चुनावी सरगर्मियां काफी तेज हो गई हैं। मतदान की तिथि नजदीक आते ही सुबह से शाम तक जिला न्यायालय परिसर पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आने लगा है।
जिला अधिवक्ता संघ के निर्वाचन अधिकारी हर्ष बनाफर ने बताया कि 21 जुलाई को डाक मतपत्र के लिए आवेदन लिए गए थे जिसमें कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए थे, और आज 23 जुलाई को डाक मतपत्र की प्रक्रिया चुनाव अधिकारी के समक्ष चुनाव कार्यालय में 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक संपन्न हुई, जिसमें कुल 17 मतदाताओं ने अपने मत प्रयोग किया, 8 आवेदक आज अनुपस्थित रहे। इस बार जिला अधिवक्ता संघ के 14 पदों के लिए 49 प्रत्याशी मैदान में हैं।
संघ में लगभग चार हजार अधिवक्ता पंजीकृत हैं, लेकिन मतदाता सूची में शामिल 2,446 अधिवक्ताओं को ही मतदान का अधिकार प्राप्त है जो अपने मत का प्रयोग 25 जुलाई को करेंगे। कोर्ट परिसर में चुनावी माहौल से पूरे समय सराबोर है। कोर्ट का कामकाज भी चुनाव के कारण थोड़ा प्रभावित दिख रहा। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ अधिवक्ताओं से लगातार संपर्क कर अपने पक्ष में वोटिंग के लिए अनुनय विनय कर रहे।


















