ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़शिक्षा एवं रोजगार

11 साल बाद जेल प्रहरियों की भर्ती, पीएससी के जरिए भरे जाएंगे 100 पद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जेल विभाग में लंबे इंतजार के बाद जेल प्रहरियों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। विभाग ने 100 जेल प्रहरियों की भर्ती के लिए नियमावली सहित प्रस्ताव छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) को भेज दिया है। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पीएससी के माध्यम से होगी और राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार इसमें अग्निवीरों को आरक्षण का लाभ भी दिया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, अप्रैल में भर्ती को सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद जेल मुख्यालय ने आवश्यक नियमों के साथ प्रस्ताव तैयार कर सीजीपीएससी को भेज दिया है। इससे पहले यह प्रस्ताव व्यापम को भेजा गया था, लेकिन वर्ष 2026 के व्यस्त परीक्षा कैलेंडर का हवाला देते हुए भर्ती कराने में असमर्थता जताई गई थी। अब अग्निवीर आरक्षण संबंधी कैबिनेट के फैसले के बाद अगले एक से डेढ़ महीने में भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी होने की संभावना है।

11 साल बाद होगी भर्ती

जेल विभाग में प्रहरियों की अंतिम भर्ती वर्ष 2014 में हुई थी। इसके बाद अब करीब 11 साल बाद नई भर्ती होने जा रही है। वर्तमान में विभाग में स्वीकृत पदों के मुकाबले 535 पद रिक्त हैं। इसके बावजूद फिलहाल केवल 100 पदों पर भर्ती को मंजूरी मिली है।

जेलों में स्टाफ की भारी कमी

प्रदेश में पांच केंद्रीय जेल, 22 जिला जेल और छह उपजेल संचालित हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार लगभग सभी जेलों में क्षमता से अधिक बंदी हैं, जबकि सुरक्षा और संचालन के लिए पर्याप्त कर्मचारियों का अभाव है। इससे सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ जेलों के दैनिक संचालन पर भी असर पड़ रहा है। सूत्रों का कहना है कि करीब 15 वर्ष पहले तय किए गए मानकों के अनुसार ही वर्तमान में लगभग दो हजार कर्मचारियों की आवश्यकता है, जबकि मौजूदा समय में करीब 1,500 कर्मचारी ही कार्यरत हैं। बंदियों की संख्या और जेलों की बढ़ती क्षमता को देखते हुए नए पदों के सृजन की आवश्यकता महसूस की जा रही है, लेकिन फिलहाल केवल 100 जेल प्रहरियों की भर्ती से ही काम चलाया जाएगा। हालांकि विभाग को उम्मीद है कि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से लंबे समय से खाली पड़े पदों की समस्या कुछ हद तक कम होगी, लेकिन स्टाफ की वास्तविक जरूरत को देखते हुए भविष्य में और भर्तियों की आवश्यकता बनी रहेगी।

What's your reaction?

Related Posts