ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीय

NTA में बड़ा बदलाव, 47 अधिकारियों की नौकरी पर लटकी तलवार, री-स्ट्रक्चरिंग की प्रक्रिया जल्द

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अगले एक महीने के भीतर एनटीए की पूरी व्यवस्था में री-स्ट्रक्चरिंग की जाएगी। इसके अलावा एजेंसी से बड़ी संख्या (47 लोगों के आसपास) में लोगों को निकाला जा सकता है। इस बदलाव का मुख्य कारण एजेंसी के काम करने के तरीके को बेहतर बनाना और राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से आयोजित करना है। सूत्रों के अनुसार, एनटीए की ओर से परीक्षाओं के आयोजन के लिए जिस तरह आउटसोर्सिंग की जाती है, उसमें भी बदलाव किया जाएगा। भविष्य में परीक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियों और प्रक्रियाओं को लेकर नए नियम और व्यवस्था लागू की जा सकती है। यह बदलाव विशेषज्ञों की एक समिति की सिफारिशों के आधार पर किया जाएगा।

लीक प्रूफ व्यवस्था तैयार करने की योजना

एनटीए की नई व्यवस्था को इस तरह तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाया जा सके और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोका जा सके। इसके लिए एक लीक प्रूफ व्यवस्था तैयार करने की योजना है। सूत्रों की मानें तो परीक्षा से जुड़े अलग-अलग स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और आउटसोर्सिंग की प्रक्रिया की भी समीक्षा की जाएगी।

गौरतलब है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी देश की कई महत्वपूर्ण प्रवेश और प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन करती है। इनमें जेईई मेन, नीट यूजी और सीयूईटी यूजी जैसी परीक्षाएं शामिल हैं। हर साल लाखों छात्र इन परीक्षाओं में शामिल होते हैं और इन परीक्षाओं के परिणाम के आधार पर देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में दाखिला मिलता है।

ऐसे में एनटीए की कार्यप्रणाली में यदि इस तरह के बदलाव होते हैं, तो छात्रों और अभिभावकों के लिए काफी महत्वपूर्ण हो सकते हैं। विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर होने वाली री-स्ट्रक्चरिंग के बाद परीक्षा आयोजन की प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, एनटीए की नई व्यवस्था और बदलावों को लेकर विस्तृत जानकारी आधिकारिक घोषणा के बाद ही सामने आएगी।

What's your reaction?

Related Posts