ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़शिक्षा एवं रोजगार

छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर भर्ती शुरू, 11 अक्टूबर को होगी लिखित परीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय ने सहायक शिक्षक के 2292 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। भर्ती परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (पूर्व व्यापमं) के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 24 जुलाई से शुरू हो गए हैं और अभ्यर्थी 21 अगस्त शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को प्रदेश के 16 जिला मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।

 भर्ती अभियान के तहत ई संवर्ग के 795 तथा टी संवर्ग के 1497 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। लंबे समय से शिक्षक भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह प्रक्रिया राहत लेकर आई है। आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर उम्मीदवारों को 22 से 24 अगस्त तक संशोधन का अवसर भी दिया जाएगा। लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। आवेदन शुल्क का भुगतान भी ऑनलाइन करना होगा। राज्य शासन के नियमानुसार छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने पर निर्धारित परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा।

जिलेवार रिक्त पद

ई संवर्ग में बलौदाबाजार-भाटापारा (80), रायपुर (70), महासमुंद (65), दुर्ग (80), बालोद (50), बेमेतरा (70), राजनांदगांव (70), कबीरधाम (70), जांजगीर-चांपा (70), मुंगेली (70), रायगढ़ (20) और बिलासपुर (80) पद शामिल हैं। टी संवर्ग में बस्तर (125), बीजापुर (105), दंतेवाड़ा (50), कोंडागांव (100), कांकेर (100), नारायणपुर (100), सुकमा (100), सरगुजा (100), सूरजपुर (50), बलरामपुर-रामानुजगंज (100), कोरिया (100), जशपुर (150), कोरबा (100), रायगढ़ (100), गरियाबंद (97) तथा बालोद (201) पद निर्धारित किए गए हैं।

चयन सूची और परिवीक्षा अवधि

भर्ती परीक्षा के परिणाम के आधार पर तैयार की गई चयन सूची 6 माह तक वैध रहेगी, जबकि प्रतीक्षा सूची की वैधता 9 माह होगी। चयनित अभ्यर्थियों की परिवीक्षा अवधि 3 वर्ष निर्धारित की गई है। परीक्षा, शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण एवं अन्य पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी भर्ती विज्ञापन में उपलब्ध कराई गई है। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने 5 हजार शिक्षकों की भर्ती का निर्णय लिया है। सहायक शिक्षक के अलावा शिक्षक, व्याख्याता और अन्य शिक्षकीय पदों पर भी आगामी चरणों में भर्ती की जाएगी।

What's your reaction?

Related Posts