रायपुर। छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में होने वाले 17 नगरीय निकायों के आम चुनाव को राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। चार नगर निगम, पांच नगरपालिकाओं, छह नगर पंचायतों और दो नवगठित नगर पंचायतों में होने वाले ये चुनाव 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सरकार और संगठन के लिए पहला बड़ा राजनीतिक लिटमस टेस्ट होंगे। माना जा रहा है कि इन चुनावों के नतीजे राज्य सरकार के करीब तीन वर्षों के कामकाज पर जनता की पहली व्यापक राय सामने लाएंगे और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार निकाय चुनाव केवल स्थानीय प्रतिनिधियों के चयन तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इनके परिणामों से भाजपा संगठन की जमीनी पकड़, बूथ स्तर की सक्रियता और सरकार की लोकप्रियता का भी आकलन होगा। इसे देखते हुए पार्टी ने अभी से संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति, मोर्चा और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी तथा जिलों में लगातार दौरे इसी रणनीति का हिस्सा माने जा रहे हैं।
हाल ही में हुए नगरीय निकाय उपचुनावों के परिणामों के बाद भाजपा संगठन और अधिक सतर्क नजर आ रहा है। पार्टी का मानना है कि स्थानीय निकाय चुनावों में प्रत्याशी चयन से लेकर चुनाव संचालन तक की जिम्मेदारी जिला और विधानसभा स्तर के नेतृत्व पर रहेगी। ऐसे में इन चुनावों के परिणाम स्थानीय नेताओं की कार्यक्षमता और संगठनात्मक क्षमता का भी पैमाना बनेंगे।
दूसरी ओर राज्य सरकार ने भी प्रभारी मंत्रियों को जिलों में नियमित प्रवास, रात्रि विश्राम और कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। पार्टी का उद्देश्य चुनाव से पहले संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि विधानसभा चुनाव से पहले मिलने वाले फीडबैक के आधार पर आवश्यक बदलाव किए जा सकें।
भाजपा आमतौर पर बड़े चुनावों की तैयारी करीब डेढ़ वर्ष पहले शुरू कर देती है। इसी रणनीति के तहत विधानसभा क्षेत्रों में चरणबद्ध सर्वे, संभावित उम्मीदवारों की पहचान और विधायकों के प्रदर्शन का आकलन भी शुरू होने की संभावना है। विशेष रूप से उन 36 विधानसभा सीटों पर फोकस रहेगा, जहां पार्टी को 2023 के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। बेहतर प्रदर्शन करने वाले नेताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में बड़ी जिम्मेदारियां मिलने की संभावना जताई जा रही है।
दिसंबर 2026 में इन 17 निकायों में होंगे चुनाव
नगर निगम (4): बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा और रिसाली।
नगरपालिका (5): जामुल, सारंगढ़, बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा और खैरागढ़।
नगर पंचायत (6): प्रेमनगर, मारो, कोंटा, नरहरपुर, भैरमगढ़ और भोपालपट्टनम।
नवगठित नगर पंचायत (2): तमनार और बड़ी करेली।


















