छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग में व्याख्याता के 854 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर से स्कूल शिक्षा विभाग में 5 हजार शिक्षकीय पदों पर भर्ती की घोषणा की गई थी। इसी क्रम में विभाग ने व्याख्याता पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस भर्ती के जरिए स्कूल शिक्षा विभाग में रिक्त व्याख्याता पदों को भरा जाएगा। विभाग की ओर से जल्द ही भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन जारी किया जाएगा। इसमें पदों से जुड़ी आवश्यक योग्यता, आवेदन प्रक्रिया, आयु सीमा और अन्य शर्तों की जानकारी दी जाएगी।
सरकार की इस पहल से स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों की कमी दूर करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री की 5 हजार शिक्षकीय पदों पर भर्ती की घोषणा के तहत आगे अन्य पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा जारी जानकारी के अनुसार व्याख्याता के कुल 854 पदों में ई-संवर्ग की शालाओं में 424 पद तथा टी-संवर्ग की शालाओं में 430 पद भरे जाएंगे.विषयवार रिक्त पदों में हिन्दी के 120, अंग्रेजी के 120, संस्कृत के 120, भौतिकी के 94, राजनीति शास्त्र के 100, इतिहास के 100, भूगोल के 100 तथा अर्थशास्त्र के 100 पद शामिल हैं. भर्ती के लिए आवश्यक शैक्षणिक अर्हता, आयु सीमा एवं अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी भर्ती विज्ञापन में दी जाएगी.
भर्ती परीक्षा का पाठ्यक्रम छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा. विस्तृत विज्ञापन व्यापम की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा. व्याख्याता पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) द्वारा किया जाएगा. भर्ती परीक्षा की संभावित तिथि 29 नवम्बर 2026 निर्धारित की गई है. आवेदन भरने की तिथि एवं अन्य आवश्यक जानकारी CGSSB द्वारा पृथक से जारी की जाएगी.


















