छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और नवा रायपुर अटल नगर के सरकारी कर्मचारियों के लिए जरूरी खबर है। राज्य सरकार ने शासकीय कार्यालयों के लिए घोषित स्थानीय अवकाश की तारीख में बदलाव किया है। अब 20 नवंबर 2026 (शुक्रवार) को देवउठनी एकादशी के अवसर पर स्थानीय अवकाश रहेगा। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश
राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, रायपुर और नवा रायपुर अटल नगर स्थित शासकीय कार्यालयों में 20 नवंबर को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। इस फैसले के बाद संबंधित सरकारी कार्यालयों में इस दिन नियमित कामकाज नहीं होगा।
देवउठनी एकादशी पर रहेगी छुट्टी
देवउठनी एकादशी हिंदू धर्म का महत्वपूर्ण पर्व है। इस दिन भगवान विष्णु के चार महीने की योगनिद्रा से जागने की मान्यता है। इसके साथ ही चातुर्मास समाप्त होता है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है।
इससे पहले सरकार ने 9 नवंबर (सोमवार) को गोवर्धन पूजा के लिए स्थानीय अवकाश घोषित किया था। बाद में गोवर्धन पूजा पर सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया। इसके बाद सरकार ने 9 नवंबर की स्थानीय छुट्टी को बदलकर 20 नवंबर को किया गया है।

इन कार्यालयों में लागू नहीं होगा अवकाश
यह स्थानीय अवकाश नवा रायपुर अटल नगर और रायपुर शहर में स्थित सभी शासकीय कार्यालयों और संस्थाओं के लिए लागू होगा। हालांकि, बैंक, कोषालय और उप कोषालय में इस दिन छुट्टी नहीं रहेगी।


















