ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़बस्तर संभागराष्ट्रीय

50 साल बाद आई ऐसी दीपावली, बस्तर में जवानों के बीच बोले पीएम मोदी, नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता को बताया ऐतिहासिक

बस्तर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली 2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ के बस्तर में तैनात सुरक्षा बलों के जवानों के साथ त्योहार मनाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि करीब 40 से 50 वर्षों बाद देश ऐसी दीपावली मना रहा है, जो नक्सलवाद और माओवादी आतंकवाद के खिलाफ दशकों से जारी लड़ाई में मिली निर्णायक सफलता का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करनपुर स्थित कोबरा (CoBRA) ऑपरेशंस बेस पहुंचे, जहां उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा में तैनात जवानों से मुलाकात की और उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।

जवानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “कारगिल से लेकर लेह-लद्दाख तक, समुद्र तट पर सर क्रीक से लेकर आईएनएस विक्रांत तक, वीर जवानों के साथ मनाई गई हर दीपावली मेरे लिए यादगार रही है। मेरे वीर जवानों, इस बार मैं आपके बीच बस्तर के जंगलों में दीपावली मनाने आया हूं।”

50 साल बाद आई ऐसी दीपावली

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 की दीपावली विशेष है। लगभग 40-50 वर्षों बाद देश ऐसी दीपावली मना रहा है, जब नक्सलवाद और माओवादी आतंकवाद के खिलाफ दशकों लंबी लड़ाई में निर्णायक सफलता हासिल हुई है।

उन्होंने कहा कि बस्तर की यह वही धरती है, जहां कभी नक्सली आतंक का प्रभाव था। आज सुरक्षा बलों के जवानों के साहस, त्याग, तपस्या और समर्पण के कारण नक्सली हिंसा का प्रभाव काफी कम हुआ है और क्षेत्र में विकास की नई दीपावली शुरू हुई है।

जवानों के बलिदान को किया नमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जवानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे 140 करोड़ देशवासियों की ओर से उनके बलिदान, समर्पण और सेवा भावना के प्रति आभार व्यक्त करने आए हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत होती है, तभी बाहरी दुश्मन भी सफल नहीं हो पाते। सीमाओं पर सशस्त्र बल जिस तरह देश की रक्षा करते हैं, उसी तरह देश के भीतर सुरक्षा बल राष्ट्रीय एकता और अखंडता की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जवानों ने देश की एकता और अखंडता के लिए अनगिनत बलिदान दिए हैं। उनके व्यक्तिगत त्याग और समर्पण पर करोड़ों देशवासियों को गर्व है।

बस्तर में विकास की नई शुरुआत

करनपुर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस बस्तर और अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों के लिए प्रशिक्षण एवं अभियान संचालन का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। प्रधानमंत्री का यहां पहुंचकर जवानों के साथ दीपावली मनाना सुरक्षा बलों के योगदान को सम्मान देने का अवसर बना।

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने देश के अलग-अलग हिस्सों में तैनात सभी सुरक्षा कर्मियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जवान चाहे देश के किसी भी कोने में तैनात होकर पहरा दे रहे हों, पूरा देश उनके साथ खड़ा है।

बस्तर में जवानों के बीच प्रधानमंत्री की दीपावली ने राष्ट्रीय सुरक्षा, जवानों के बलिदान और क्षेत्र में शांति एवं विकास की दिशा में जारी प्रयासों को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया।

What's your reaction?

Related Posts