खाटू श्याम को भक्त श्याम बाबा के नाम से पुकारते हैं। इन्हें ‘हारे का सहारा’ भी कहा जाता है। मान्यता है कि श्याम बाबा के दर पर जो भक्त जाता है वह खाली हाथ नहीं लौटता है। खाटू श्याम की कृपा से भक्तों को मनवांछित फल की प्राप्ति होती है और संकटों से मुक्ति मिलती है। इस मंदिर में श्याम बाबा के दर्शन के लिए हर दिन हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ती है लेकिन मंदिर में भक्तों का जन सैलाब बाबा के जन्मोत्सव के दिन देखने को मिलता है। खाटू श्याम के जन्मोत्सव पर बाबा के दर्शन पाने के लिए देश-दुनिया से भक्त राजस्थान की खाटू नगरी आते हैं। इस दिन बाबा खाटू श्याम का भव्य श्रृंगार किया जाता है और महा भोग अर्पित किया जाता है। जानें इस साल खाटू श्याम जी का जन्मोत्सव कब मनाया जाएगा?
बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव कब मनाते हैं?
हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी यानी देवउठनी एकादशी को खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव मनाया जाता है। इस साल देवउठनी एकादशी 20 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी। ऐसे में तिथि के अनुसार इस दिन ही श्याम बाबा का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। पौराणिक कथाओं के अनुसार, इस दिन ही खाटू श्याम को भगवान श्रीकृष्ण ने श्याम अवतार होने का अवतार दिया था।
शीश दान और बर्बरीक से खाटू श्याम बनने की कथा:
पौराणिक कथाओं के अनुसार, बाबा खाटू श्याम भीम और हिडिंबा के बेटे घटोत्कच के पुत्र बर्बरीक हैं। बर्बरीक की माता का नाम अहिलावती था। बर्बरीक को महाभारत युद्ध में जाने की अनुमति मिली, तो उन्होंने अपनी से पूछा कि मैं युद्ध में किसका साथ दूं? तब उनकी माता अहिलावती ने कहा था, ‘जो हार रहा हो, तुम उसी का सहारा बनो।’ महाभारत का युद्ध प्रारंभ होने से पहले भगवान श्रीकृष्ण यह जानते थे कि अगर बर्बरीक ने युद्ध में भाग लिया, तो वे अपनी शक्ति के बल पर युद्ध का परिणाम बदल सकते हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने विचार किया कि अगर कौरवों को हारता देख बर्बरीक युद्ध में उनका साथ देने लगा देने लगे, तो पांडवों की हार तय है। जिसके बाद श्रीकृष्ण ने एक साधारण ब्राह्मण का वेश धारण कर बर्बरीक की परीक्षा ली और एक ही बाण से पीपल के सारे पत्तों को भेदने की उनकी शक्ति को देखा। श्री कृ्ष्ण ने कूटनीति के तहत बर्बरीक से उनके शीश का दान मांग लिया। बर्बरीक ने बिना किसी संकोच के अपना शीश काटकर श्रीकृष्ण के सौंप दिया। बर्बरीक के बलिदान से प्रसन्न होकर श्रीकृष्ण ने वरदान दिया कि वे कलयुग में उनके नाम ‘श्याम’ के रूप में पूजे जाएंगे और जो भक्त हारे हुए दिल से उन्हें पुकारेगा उसका उद्धार होगा। यही से उन्हें नाम मिला ‘हारे का सहारा’। कहा जाता है कि बर्बरीक का कटा हुआ शीश राजस्थान के सीकर जिले के खाटू नामक स्थान पर प्रकट हुआ था। इसी कारण उन्हें ‘खाटू श्याम’ कहा जाने लगा।
खाटू श्याम को ‘तीन बाण धारी’ क्यों कहा जाता है?
खाटू श्याम जी को तीन बाण धारी इसलिए कहा जाता है क्योंकि उन्होंने अपने कठोर तप और तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव से तीन दिव्य और अमोघ बाण प्राप्त हुए थे। पहला बाण उन सभी वस्तुओं या शत्रुओं को चिह्नित कर देता था, जिनका विनाश करना हो। दूसरा बाण उन सबको चिह्नित करता था जिन्हें बचाना या सुरक्षित रखना हो। तीसरा बाण क्षण भर में निर्धारित काम को पूरा कर देता था।
देवउठनी एकादशी व्रत का पारण 2026:
देवउठनी एकादशी व्रत का पारण 21 नवंबर 2026 को किया जाएगा। व्रत पारण का शुभ मुहूर्त दोपहर 01 बजकर 11 मिनट से दोपहर 03 बजकर 18 मिनट तक रहेगा।


















