ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयट्रेंडिंग

Cyclone Alert: बंगाल की खाड़ी में उठा नया चक्रवाती तूफान, 17 नवंबर तक होगा बेहद खतरनाक!

भारत से सटे बंगाल की खाड़ी से एक और चक्रवाती तूफान ने दस्तक दे दी है। इसके बाद भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने इसे लेकर अहम चेतावनी जारी की है। आशंका है कि यह तूफान जल्द ही विकराल रूप ले सकता है। बता दें कि बीते तीन हफ्तों में यह इस क्षेत्र में इस तरह का तीसरा तूफान है। इससे पहले हाल ही में चक्रवाती तूफान मुरासु और अर्नब ने भी यहां तबाही मचाई थी। अब नए तूफान की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया गया है।

IMD के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना यह डिप्रेशन 16 नवंबर यानी आज शाम तक एक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। मौसम विभाग ने एक बयान में बताया है, ‘इस सिस्टम के उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की प्रबल संभावना है। 16 नवंबर को यह दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में एक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। 17 नवंबर को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके एक भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है।”

आईएमडी ने आगे बताया कि अगले दो दिनों के दौरान इस सिस्टम के और अधिक मजबूत होने और उत्तर-पश्चिम की ओर आंध्र प्रदेश तट की तरफ बढ़ने की संभावना है। इसे लेकर ओडिशा और तमिलनाडु सहित कई राज्यों में बारिश का अनुमान भी जताया गया है। राज्यों ने तूफान से निपटने की तैयारी भी शुरू कर दी है।

ओडिशा के सभी जिलों में अलर्ट

ओडिशा सरकार ने चक्रवात बनने की आशंका के मद्देनजर सभी जिलों, खासकर दक्षिणी और तटीय क्षेत्रों के जिलों को किसी भी खराब मौसम की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने रविवार को बताया कि कई टीमें तैनात की गई है। एक अधिकारी ने बताया कि सभी जिलों में 24 आवर कंट्रोल रूम रहेगा। वहीं बचाव और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के कार्यों के लिए एनडीआरएफ, ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ), अग्निशमन सेवा और आपातकालीन सेवाओं के कर्मियों को तैयार रखा जाएगा।

इधर अधिकारियों ने शनिवार और रविवार को छुट्टी घोषित की थी ताकि बिना किसी देरी के एहतियाती कदम उठाए जा सकें। किसानों को सलाह दी गई है कि वे 18 और 19 नवंबर को होने वाली संभावित बारिश से पहले फसलों की कटाई कर लें। इसके अलावा प्रशासन ने मछुआरों को भी 16 नवंबर तक तट पर लौट आने की सलाह दी है।

कहां-कहां होगी बारिश?

मौसम विभाग के मुताबिक तूफान के कारण तमिलनाडु के उत्तरी तटीय जिलों, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र में बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा सोमवार से राज्य के पश्चिमी घाट और दक्षिणी जिलों में भी कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है। बंगाल के उत्तर और दक्षिण 24 परगना, कोलकाता, हावड़ा तथा पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं उत्तर बंगाल में दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों के कुछ हिस्सों में रविवार को हल्की बारिश होने की संभावना है। ओडिशा के तटीय जिलों में 18 से 20 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।

What's your reaction?

Related Posts