भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई के पूर्व सचिव और भारत के गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी के बॉस बने रहेंगे। एक बार फिर से उन्हें ICC चेयरमैन पद के लिए निर्विरोध चुना गया है। बाली में हुई बैठक के बाद आईसीसी बोर्ड ने इसकी घोषणा की है। उन्हें दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध चेयरमैन पद के लिए चुना गया है। जय शाह के नेतृत्व में शानदार काम आईसीसी ने किया है। यही वजह है कि विश्व क्रिकेट को चलाने वाली संस्था ने उन पर भरोसा जताया है।
आईसीसी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी बोर्ड को यह बताते हुए खुशी हो रही है कि बाली में बोर्ड और कमिटी की मीटिंग में ICC डायरेक्टर्स के प्रस्ताव के बाद, जय शाह को ICC चेयरमैन के तौर पर दूसरे कार्यकाल के लिए बिना किसी विरोध के फिर से अपॉइंट किया गया है। यह फैसला जय शाह की लीडरशिप में बोर्ड के भरोसे को दिखाता है और खेल के लिए एक अहम समय पर निरंतरता देता है, जिसमें ग्लोबल एक्सपेंशन, फैनडम में बढ़ोतरी और इसके भविष्य के स्ट्रेटेजिक रोडमैप पर कमर्शियल डेवलपमेंट शामिल है।”
आपकी जानकारी के लिए बता दें, क्रिकेट की संस्थाओं से जुड़े प्रशासन में वे लंबे समय से हैं। जिला स्तर से उठकर वे गुजरात राज्य क्रिकेट संघ के साथ जुड़े थे। वहां भी वे चेयरमैन रहे और फिर जल्द ही उन्हें दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीसीआई का सचिव पद मिला। उसके साथ उन्हें कुछ ही समय के बाद एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी एसीसी का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। बाद में वह बीसीसीआई में अपने दो कार्यकाल पूरे करने के बाद आईसीसी के चेयरमैन बने और अब फिर से उन्हें इस पद पर आसीन रहने का मौका मिला है।


















