जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सेना के हाथ बड़ी सफलता लगी है। सुरक्षाबलों ने सोमवार को मुठभेड़ के दौरान कुलगाम हमले के मास्टरमाइंड लतीफ भट्ट को मार गिराया। इसके अलावा 2 और आतंकवादी ढेर किए गए हैं।
कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने रविवार को मीर बाजार के पास घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। यह अभियान संयुक्त सुरक्षा बलों की ओर से चलाया जा रहा है। सुरक्षाबल इलाके में उन हमलावरों की तलाश में थे, जिन्होंने 11 नवंबर को सीआरपीएफ के जवानों पर गोलीबारी की थी। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। ऑपरेशन की निगरानी के लिए जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात और कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) सुजीत कुमार भी मौके पर मौजूद रहे।
दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम जिले में नाके पर तैनात सीआरपीएफ के जवानों पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की थी। यह घटना दोपहर करीब 2:15 बजे हुई थी। हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए थे। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सीआरपीएफ ने बयान जारी कर बताया था कि घटना के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही घायल जवानों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
हिमपात से पहले सुरक्षा बलों के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में एडीजी संदीप खीरवार ने कहा कि सुरक्षा बल ने पिछले वर्षों के अनुभवों से सीखा है। उन्होंने कहा, ‘हम समझते हैं कि मौसम में बदलाव हर साल होता है। हम अपनी सभी एजेंसियों, सभी सुरक्षा बलों, प्रशासन, सरकार और जम्मू कश्मीर की जनता के साथ मिलकर काम करते हैं। हम संभावित परिस्थितियों का पहले से अनुमान लगाते हैं और उन बदलावों के अनुरूप कार्रवाई करते हैं। हमें विश्वास है कि हमारे सामने आने वाली सभी चुनौतियों से निपटने में हम सक्षम होंगे।’ खीरवार ने कहा कि अगर शांति और स्थिरता बनी रहेगी तो जम्मू कश्मीर के लोग और देश समृद्ध हो सकेंगे।


















