रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए यातायात पुलिस और नगर निगम ने अतिक्रमण तथा नो-पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। 24 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत शहर के नौ प्रमुख मार्गों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं, बीते चार दिनों में नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने पर कुल 1,162 वाहनों के ई-चालान काटे गए हैं।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 27 नवंबर को नगर निगम की टीम प्रहरी और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने रजबंधा मैदान से लेकर डीडी नगर होते हुए रायपुरा चौक तक कार्रवाई की। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर लगाए गए ठेले तथा अस्थायी दुकानों को हटाया गया। कार्रवाई में छह ठेले और 15 ग्लो साइन बोर्ड व होर्डिंग जब्त किए गए।

इन नौ मार्गों पर चल रहा अभियान
यातायात पुलिस ने शहर के नौ प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए विशेष अभियान चलाया है। इनमें शारदा चौक से फूल चौक, बॉम्बे मार्केट और रजबंधा मैदान तक का क्षेत्र, कालीबाड़ी का मालवीय रोड, तेलीबांधा चौक से श्रीराम मंदिर तिराहा, स्टेशन चौक से फाफाडीह चौक, मोवा ब्रिज से दलदल सिवनी, भाटागांव चौक से कुशालपुर चौक, रायपुरा चौक से सरोना चौक, संतोषी नगर अंडरब्रिज से पचपेड़ी नाका अंडरब्रिज और भनपुरी चौक से झाबक पेट्रोल पंप तक का मार्ग शामिल है।
चार दिन में 1162 वाहनों पर कार्रवाई
नो-पार्किंग के खिलाफ भी यातायात पुलिस ने लगातार ई-चालान की कार्रवाई की है। 24 नवंबर को 329, 25 नवंबर को 308, 26 नवंबर को 201 और 27 नवंबर को 324 वाहनों के चालान काटे गए। इस तरह चार दिनों में कुल 1,162 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
दुकानदारों और वाहन चालकों को चेतावनी
कार्रवाई के दौरान ठेला संचालकों, दुकानदारों और वाहन चालकों को सड़क व फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने तथा वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करने की समझाइश दी गई। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने तथा नो-पार्किंग के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों और व्यापारियों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।


















