बिहार में महिलाओं और युवतियों से सड़क पर बदसलूकी का एक और मामला सामने आया है। जमुई के बाद अब समस्तीपुर जिले में भी बीच सड़क एक युवती से अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है। घटना कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार को एक युवती सड़क किनारे फोटो लेने के लिए रुकी थी। इसी दौरान तीन युवकों ने उसे घेर लिया और उसके साथ कथित तौर पर बदसलूकी की। आरोप है कि युवकों ने युवती के साथ गाली-गलौज की और सड़क पर उसे खींचते हुए अभद्र व्यवहार किया।
नाम-पता पूछते रहे आरोपी
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान आरोपी युवक युवती से उसका नाम और पता पूछ रहे थे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया है। घटना ने इलाके में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देर शाम घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी ने मामले की तत्काल जांच व कार्रवाई का आदेश दिया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर दो युवकों की पहचान की है। घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि लाइव हिन्दुस्तान नहीं करता है। समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो की सत्यता और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपितों की तलाश कर रही है।
बताया जाता है कि लड़की एक लड़के के साथ बांध बाईपास रोड से गुजर रही थी। दोनों सड़क किनारे रुककर फोटो ले रहे थे। इसी दौरान तीन युवकों ने लड़की को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। वीडियो में दिख रहा है कि लड़के लड़की को बीच सड़क पर खींच रहे हैं। उसका नाम-पता पूछ रहे हैं और बैड टच कर रहे हैं। इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
शहर-शहर हवसियों का कहर
बिहार में ऐसा लगता है शहर-शहर हवसी कहर बरपा रहे हैं। जमुई कांड के बाद मुजफ्फरपुर में बीच सड़क दो लड़कियों को ब्लेड मारकर घायल कर दिया गया। मुजफ्फरपुर में ही छेड़खानी का विरोध करने पर एक छात्रा को घऱ में घुसकर चाकू मार दिया गया। अब समस्तीपुर से सामने आया यह वीडियो स्तब्ध कर देने वाला है। वीडियो में कुछ लड़के-लड़की को जबरन पकड़ते और उससे बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं। लड़की इन दरिंदों से पीछा छुड़वाना चाहती है लेकिन वो लड़की को नहीं छोड़ रहे हैं। वीडियो को देखने से ऐसा लगता है कि यह घटना दिनदहाड़े हुई है और इन राक्षसों के मन में पुलिस-प्रशासन का कोई खौफ नहीं है।
यह राक्षक बेरोक-टोक सड़क पर दरिंदगी का तांडव कर रहे हैं। वीडियो में लड़की बेहद डरी-सहमी दिख रही है। लड़की से हैवानियत के वक्त यह राक्षस हंसते हुए भी नजर आ रहे हैं। बहरहाल आपको बता दें कि जमुई वायरल वीडियो कांड में शामिल मुख्य आरोपी नंदन यादव समेत कुछ अन्य आरोपियों पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नंदन यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल भी कर दिया था।


















