ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

कॉमनवेल्थ रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख की प्रोत्साहन राशि, आउट ऑफ टर्न डीएसपी पदोन्नति का ऐलान

रायपुर। ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में सम्मान किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी की उपलब्धि केवल एक खिलाड़ी की सफलता नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प का सम्मान है। उन्होंने कहा कि अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर ज्ञानेश्वरी ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और लगातार मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर ज्ञानेश्वरी ने न केवल भारत के लिए पदक जीता, बल्कि छत्तीसगढ़ को भी अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में नई पहचान दिलाई है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज होगी।

सीमित संसाधनों के बावजूद हासिल की सफलता

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बीच अपने सपनों को साकार किया है। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने निरंतर अभ्यास, समर्पण और अनुशासन बनाए रखा। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है कि स्पष्ट लक्ष्य और ईमानदार मेहनत से कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ज्ञानेश्वरी की उपलब्धि का सम्मान करते हुए उन्हें आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने का निर्णय लिया है, ताकि प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिल सके।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा हरसंभव सहयोग

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले भी उन्हें ज्ञानेश्वरी से मुलाकात का अवसर मिला था और उन्होंने उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की थी। राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने के बाद वीडियो कॉल के माध्यम से भी उन्हें बधाई दी गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मुख्यमंत्री निवास में उनका स्वागत पूरे प्रदेश के लिए गर्व और उत्सव का अवसर है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग, आवश्यक संसाधन और हरसंभव प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां प्रदेश का प्रत्येक प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाती रहेंगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें अवसर देना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना राज्य सरकार की खेल नीति का प्रमुख आधार है और इसी दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

What's your reaction?

Related Posts