संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन ने कला, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रदान किए जाने वाले राज्य सम्मान 2026 के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। विभाग की ओर से स्थापित 12 राज्य स्तरीय सम्मान और एक राष्ट्रीय सम्मान के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक प्रतिभाएं निर्धारित प्रारूप में 5 अक्टूबर 2026 तक अपनी प्रविष्टियां जमा कर सकती हैं। सम्मान के लिए चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित प्रतिभाओं को छत्तीसगढ़ के राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 के राज्य अलंकरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
आवेदन करने वाले पात्र व्यक्तियों को निर्धारित प्रारूप में अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और आयु के साथ प्रस्तावक का विवरण देना होगा. इसके अलावा आवेदक की उपलब्धियों का संक्षिप्त ब्यौरा तथा पूर्व में प्राप्त अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर के सम्मान एवं पुरस्कारों की जानकारी भी देनी होगी. शासकीय सेवा में कार्यरत आवेदकों को सामान्य प्रशासन विभाग से प्राप्त अनुमति पत्र संलग्न करना होगा.
इन क्षेत्रों में मिलेगा सम्मान
वर्ष 2026 में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान दिए जाएंगे. पं. सुंदरलाल शर्मा सम्मान हिंदी साहित्य, दाऊ मंदराजी सम्मान लोक नाट्य एवं लोक शिल्प तथा चक्रधर सम्मान शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के क्षेत्र में प्रदान किया जाएगा.
इसी तरह देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार लोक नृत्य, लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता और हबीब तनवीर सम्मान समकालीन रंगकर्म के लिए दिया जाएगा. हबीब तनवीर सम्मान में छत्तीसगढ़ी, हिंदी और अन्य भाषाओं के नाटक शामिल हैं.
देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार पंथी नृत्य, लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान छत्तीसगढ़ी लोकगीत और खुमान साव सम्मान छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के क्षेत्र में प्रदान किया जाएगा.
सिनेमा और पंडवानी को भी सम्मान
किशोर साहू सम्मान हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक लेखन, निर्देशन, अभिनय और पटकथा निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाएगा. वहीं किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में निर्देशन के क्षेत्र में प्रदान किया जाएगा.
इसके अलावा छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान देश के बाहर रहकर सामाजिक कल्याण, मानव संसाधन विकास, कला, साहित्य या आर्थिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अप्रवासी भारतीयों को दिया जाएगा. डॉ. तीजन बाई राज्य सम्मान पंडवानी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया जाएगा.
उपलब्धि और दीर्घ साधना बनेगा आधार
सम्मान के लिए प्रतिभाओं का चयन संबंधित क्षेत्र में उनके योगदान, उपलब्धियों और दीर्घ साधना को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा. चयनित प्रतिभाओं को राज्योत्सव 2026 के राज्य अलंकरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा.
संस्कृति विभाग ने पात्र कलाकारों, साहित्यकारों, सांस्कृतिक कर्मियों और अन्य प्रतिभाओं से निर्धारित प्रारूप में अपनी प्रविष्टियां 5 अक्टूबर तक पंजीकृत डाक से भेजने का आग्रह किया है.
आवेदन संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा, द्वितीय तल, व्यावसायिक परिसर, सेक्टर-27, नवा रायपुर अटल नगर, छत्तीसगढ़ के पते पर भेजे जा सकते हैं. सम्मान की नियमावली और आवेदन का निर्धारित प्रारूप संस्कृति विभाग की वेबसाइट www.cgculture.in पर उपलब्ध है.


















