अहमदाबाद/प्रयागराज . अहमदाबाद जेल से अतीक अहमद को लेकर प्रयागराज पुलिस मंगलवार दोपहर में लगभग दो बजे चली थी. शाम को करीब पांच बजे राजस्थान के डूंगरपुर में अतीक अहमद को लाने वाली प्रिजन वैन खराब हो गई.
तकनीकी खराबी आने से वहीं के बिछीवाड़ा थाने पर पुलिसकर्मियों ने अतीक की गाड़ी रोक दी. राजस्थान पुलिस वहां मदद के लिए पहुंच गई. अतीक को प्रिजन वैन में ही रखा गया. उसकी सुरक्षा में राजस्थान पुलिस भी लगी रही. गाड़ी बनने तक वहीं इंतजार करना पड़ा. करीब ढाई घंटे के बाद अतीक को लेकर पुलिस वहां से रवाना हुई. बुधवार दोपहर तक अतीक प्रयागराज पहुंचेगा.
अहमदाबाद की साबरमती केंद्रीय जेल से उसे लेकर एसटीएफ और पुलिस की टीम मंगलवार दोपहर दो बजे प्रयागराज के लिए रवाना हुई. जेल से बाहर निकलते ही अतीक ने पिछली बार की तरह ही मीडिया से कहा कि उसकी हत्या की साजिश रची जा रही है. पुलिस भारी सुरक्षा के बीच उसे लेकर बुधवार को प्रयागराज पहुंचेगी.
उमेश पाल और उनके दो सुरक्षा गार्ड की बीती 24 फरवरी को हत्या कर दी गई थी. उमेश पाल की पत्नी जया ने अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, दो बेटों, सहयोगियों गुड्डू मुस्लिम और गुलाम एवं नौ अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. इसी केस में अतीक को अहमदाबाद जेल और अशरफ को बरेली जेल से कोर्ट में लाकर पुलिस रिमांड मांगेगी.
कैदी वैन में बायोमिट्रिक लॉक बीते 26 मार्च को अहमदाबाद जेल से प्रयागराज लाते वक्त पुलिस ने जो कमियां पाई थीं, उसे इस बार दूर कर लिया गया. इस बार यूपी पुलिस ने गुजरात पुलिस की भी मदद ली.
असद तीन बार नोएडा से दिल्ली गया
लखनऊ. दिल्ली में गिरफ्तार असद के तीन मददगारों ने कई राज खोले है. इन तीनों से पूछताछ में सामने आया कि यूपी में लखनऊ के अलावा असद के नौ ठिकाने छिपने के लिए थे. गाजियाबाद व नोएडा में शरण लेने के दौरान वह तीन बार दिल्ली गया.
अशरफ की पत्नी फातिमा भी बनी आरोपी
उमेश पाल हत्याकांड में पुलिस ने पहले अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन को वांटेड किया. इसके बाद अतीक की बहन आयशा नूरी और उसकी दोनों बेटियों को आरोपित किया. इसी तरह अब तक पुलिस ने अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा को आरोपित किया है.
बच्चों के मामले में 13 को सुनवाई
अतीक के दो नाबालिग बच्चों को लेकर उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन के प्रार्थना पत्र पर 13 अप्रैल को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में सुनवाई होगी. मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दिनेश कुमार गौतम के समक्ष यह मामला मंगलवार को सुनवाई के लिए प्रस्तुत किया गया.


















