ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

रायपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: GRP और RPF ने अंतरराज्यीय तस्कर को दबोचा, 5.35 लाख का गांजा जब्त

रायपुर।  रायपुर रेलवे स्टेशन पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेल पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने घेराबंदी कर एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5.35 लाख रुपये आंकी गई है।

आरक्षण केंद्र के पास से हुई गिरफ्तारी

मिली जानकारी के अनुसार, रेल पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल और आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रमन कुमार के निर्देशन में ट्रेनों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में संयुक्त टीम ने रायपुर रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र के पीछे, नए गेट के पास एक संदिग्ध युवक को देखा। पुलिस को देखकर वह भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए हिरासत में ले लिया।

ट्रॉली बैग में छिपाए थे 5 पैकेट

जब टीम ने पकड़े गए संदिग्ध के ट्रॉली बैग की तलाशी ली, तो उसमें से खाकी रंग के टेप से लिपटे हुए गांजे के 5 पैकेट बरामद हुए। इसके साथ ही आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय अक्षय कुमार (पिता सतपाल), निवासी खातौली, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

ओडिशा से दिल्ली का था नेटवर्क

कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी अक्षय कुमार ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह यह गांजा मलकानगिरी (ओडिशा) से लेकर आया था और इसे खपाने के लिए वाया ट्रेन दिल्ली ले जाने की फिराक में था। लेकिन दिल्ली पहुंचने से पहले ही रायपुर में जीआरपी और आरपीएफ के संयुक्त जाल में फंस गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, भेजा गया जेल

जीआरपी थाना रायपुर ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 80/2026, धारा 20(B) एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को रायपुर के माननीय विशेष एनडीपीएस न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके।

इस संयुक्त टीम को मिली सफलता

इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में जीआरपी थाना प्रभारी बी.के. राठौर, सउनि ममता मिश्रा, प्रआ संतोष कुमार और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी रायपुर कर्मपाल सिंह गुर्जर, सउनि श्याम सुंदर यादव, प्रआ वी.सी. बंजारे, आरक्षक देवेश व आरक्षक जितेंद्र शामिल रहे। इनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।

What's your reaction?

Related Posts