पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण की मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के अगले दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने दावा किया कि राज्य में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है और पहले चरण में ही भाजपा 110 सीटें जीत लेगी। बता दें कि पहले चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हुआ। अमित शाह ने असम और ओडिशा में भाजपा के शासन के अलावा पश्चिम बंगाल में पार्टी की संभावनाओं पर कहा कि पांच मई के बाद ‘अंग, बंग और कलिंग’ में सरकारें होंगी।
110 से अधिक सीट मिलेंगी- शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि ‘बंगाल की जनता ने विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए, बदलाव के लिए पूरे उत्साह से मतदान किया। बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में जिन 152 सीट पर मतदान हुआ, उनमें से भाजपा को 110 से अधिक सीट मिलेंगी।’
शाह ने कहा, ‘बंगाल चुनाव के पहले चरण में किसी की भी जान नहीं गई और यह सुनिश्चित करने के लिए मैं निर्वाचन आयोग और सुरक्षा बलों को धन्यवाद देता हूं। तृणमूल कांग्रेस का सत्ता से बाहर जाना तय है, भाजपा बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।’
पांच मई के बाद ‘अंग, बंग और कलिंग’ में सरकारें होंगी- शाह
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ‘2016 के चुनावों में 1,278 लोग घायल हुए थे। 2021 के चुनावों में 1,681 लोग घायल हुए थे। 2023 के पंचायत चुनावों में 664 लोग घायल हुए थे और 2024 के आम चुनावों में 761 लोग घायल हुए थे। इसकी तुलना में, कल 30 से भी कम लोग घायल हुए। इससे पता चलता है कि कुल मिलाकर, चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए। इसमें किसी की जान नहीं गई। यह तथ्य कि यह चुनाव इस तरह से संपन्न हुआ है, BJP सरकार में आए बदलाव का संकेत है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे विश्वास है कि दूसरे चरण में और भी अधिक उत्साह देखने को मिलेगा। अब, बदलाव के इस दौर में आगे बढ़ना दूसरे चरण के मतदाताओं की भी जिम्मेदारी है… 5 तारीख के बाद, ‘अंग, बंग और कलिंग’ – इन तीनों ही जगहों पर BJP और कमल का राज होगा। और मेरा मानना है कि यह हमारे पूरे पूर्वी भारत के लिए एक शुभ संकेत है…’
बंपर वोटिंग और ‘विकास’ पर मुहर
अमित शाह ने कहा कि 92.58 प्रतिशत का रिकॉर्ड मतदान इस बात का साफ संकेत है कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकास’ को चुना है और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अलविदा कहने का मन बना लिया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ममता दीदी का समय अब खत्म हो गया है।
‘डर से विश्वास’ तक का सफर
शाह ने लोकतंत्र में विश्वास जताने के लिए बंगाल के मतदाताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा- मैं बंगाल के सभी मतदाताओं को धन्यवाद देना चाहता हूं कि आपने ‘डर से विश्वास’ तक की इस यात्रा को बहुत शानदार तरीके से शुरू किया है और दूसरे चरण के मतदाता भी इस यात्रा को आगे बढ़ाएंगे।
शांतिपूर्ण चुनाव और सुरक्षा बलों की सराहना
गृह मंत्री ने चुनाव आयोग (ECI), केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) और बंगाल पुलिस को विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि बंगाल में लंबे समय बाद यह पहला ऐसा चुनाव था जो पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई।
दूसरे चरण के लिए मतदाताओं में उत्साह भरना
दूसरे चरण के मतदान को लेकर शाह ने कहा कि पहले लोगों में यह डर था कि जनसमर्थन होने के बावजूद क्या लोग सुरक्षित मतदान केंद्रों तक पहुंच पाएंगे? लेकिन अब ये सारी आशंकाएं खत्म हो गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दूसरे चरण में वोटिंग को लेकर और भी ज्यादा उत्साह देखने को मिलेगा और मतदाता बदलाव के इस दौर को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि दूसरे चरण के रुझानों को मिला लें, तो भाजपा बंगाल में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है।
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार शाम 6 बजे संपन्न हुए पहले चरण के चुनाव में 91.83 प्रतिशत का भारी मतदान दर्ज किया गया। यह बंपर वोटिंग कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच जनता की सक्रिय भागीदारी को दर्शाती है। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी।



















