जांजगीर-चांपा। डिवाइस से लड़की की आवाज निकालकर रिश्ता तय कराने का झांसा देकर लाखों की साइबर ठगी कर दो युवकों ने जालसाजी की। दोनों को पकड़कर जेल भेजा गया है। पवित्र रिश्ता डॉट कॉम के फ्लेक्सी जब्त किया गया है।
प्रकरण में शिकायतकर्ता अजय राठौर ने 15 अगस्त को सायबर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 अगस्त को अज्ञात व्यक्ति उसके पास आकर हॉस्पिटल जाना है, तत्काल नगदी रकम की आवश्यकता है, फोन पे कर रहा हूं। नगदी दे दो कहने पर प्रार्थी द्वारा अपने खाता में 2000 रुपए प्राप्त कर नगदी दे दिया। तीन-चार दिन बाद उसके खाता में होल्ड लगा गया जो बैंक में जाकर पता करने पर सायबर ठगी का रकम प्रार्थी के खाता में आना बैंक के द्वारा बताया गया। सोनू साहू के यूपीआई आईडी से पैसा ट्रांसफर किया गया है जो उक्त राशि के संबंध में सायबर थाना के पता करने पर साइबर क्राइम पोर्टल पर उक्त राशि के संबंध में शिकायत दर्ज होना पाया गया। जिस पर से थाना साइबर में आईटी एक्ट कायम किया गया। जांच में लक्ष्मी नारायण साहू निवासी अमोदा जांजगीर चांपा एवं सोनू साहू निवासी चांपा के पास अपराध में प्रयुक्त 2 मोबाइल फोन, वाट्सअप चैटिंग, हेडफोन जिसमें आवाज बदल जाता है, पवित्र रिश्ता डॉट कॉम का पंपलेट जब्त किए गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह वर्ष 2025 से ब्लूटूथ
डिवाइस एवं हेडफोन के माध्यम से लड़की की आवाज निकालकर विवाह रिश्ता कराने के नाम पर ग्राहकों को विश्वास में लेते थे। आरोपियों द्वारा विभिन्न व्यक्तियों से रिश्ता कराने के नाम पर अलग-अलग रकम प्राप्त की जाती थी तथा रकम प्राप्त होने के बाद उनसे संपर्क तोड़ दिया जाता था। जांच में कौशल साहू द्वारा शादी के लिए रिश्ता भेजने के नाम पर ठगी की शिकायत की गई थी, जिसमें ठगी की राशि आरोपी लक्ष्मीनारायण साहू के खाते में क्रेडिट होना पाया गया। इसी प्रकार दीपक कुमार साहू द्वारा शादी के लिए रिश्ता दिलाने के नाम पर फ्रॉड की शिकायत की गई थी, जिसकी राशि आरोपी के बैंक खाते में क्रेडिट होना पाया गया। इसके अतिरिक्त रमेश साहू जिला कवर्धा द्वारा भी शादी के लिए रिश्ता दिलाने के नाम पर फ्रॉड की शिकायत की गई थी। उक्त मामले में यूपीआई के माध्यम से भुगतान की गई राशि आरोपी के भांजे सोनू साहू के खाते में जाना तथा बाद में वही राशि प्रकरण के शिकायतकर्ता अजय राठौर के खाते में क्रेडिट होना पाया गया।


















