छत्तीसगढ़ कैडर के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के उपमहानिरीक्षक (DIG) के रूप में पदस्थ किया गया है।
संतोष सिंह को उनके सुरक्षा प्रबंधन के अनुभव और प्रशासनिक दक्षता को ध्यान में रखते हुए यह जिम्मेदारी दी गई है। दिल्ली मेट्रो को राजधानी की लाइफलाइन माना जाता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। ऐसे में मेट्रो नेटवर्क और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल होगा।
सुरक्षा प्रबंधन का संभालेंगे जिम्मा
दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था में CISF की अहम भूमिका है। संतोष सिंह की नई पदस्थापना के साथ मेट्रो लाइनों, स्टेशनों और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े प्रबंधन की जिम्मेदारी उनके कार्यक्षेत्र में होगी। उनकी नियुक्ति को सुरक्षा व्यवस्था के संचालन और प्रशासनिक समन्वय के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि प्रतिष्ठित दिल्ली मेट्रो 271 स्टेशन वाली एक त्वरित परिवहन प्रणाली है, जो भारत के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में दिल्ली और उससे सटे यूपी व हरियाणा के शहरों को जोड़ती है. हाल में ही 17 सितंबर को दिल्ली मेट्रो ने एक दिन में करीब 82.45 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज करके एक रिकॉर्ड बनाया है.
छग के 11 जिलों में रहे पदस्थ
विवादों से दूर, संतोष सिंह अपनी परिपक्व व संवेदनशील पुलिसिंग के साथ सामुदायिक पुलिसिंग के प्रयोगों के लिए जाने जाते हैं. आईपीएस संतोष सिंह छत्तीसगढ़ के कुल नौ जिलों- रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर व कोंडागांव जिले में एसपी/एसएसपी के पद पर रह चुके हैं. वे सुकमा में एएसपी और दुर्ग में सीएसपी भी रहे हैं. अभी वे हैदराबाद में डीआईजी साउथ ज़ोन-2 के रूप में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के औद्योगिक, रणनीतिक प्रतिष्ठानों व पूर्वी तट के बंदरगाहों की सुरक्षा देख रहे थे.


















