रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े शुल्कों में बढ़ोतरी कर दी है। करीब पांच साल बाद बोर्ड फीस में संशोधन किया गया है और नए शुल्क शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होंगे।
माशिमं की कार्यपालिका समिति की बैठक में परीक्षा, पंजीयन और अन्य मदों से जुड़े कुल 22 प्रकार के शुल्क बढ़ाने को मंजूरी दी गई है। सबसे बड़ा असर नियमित परीक्षार्थियों पर पड़ेगा, जिन्हें अब परीक्षा शुल्क, अंकसूची शुल्क और प्रायोगिक परीक्षा शुल्क मिलाकर 800 रुपये देने होंगे। पहले यह शुल्क 460 रुपये था।
प्रमुख शुल्कों में कितना बदलाव?
शुल्क का प्रकार पुराना शुल्क नया शुल्क
नियमित परीक्षा, अंकसूची व प्रायोगिक शुल्क ₹460 ₹800
आवेदन पत्र/विषय नामांकन शुल्क ₹80 ₹150
अतिरिक्त विषय शुल्क ₹110 ₹250
स्वाध्यायी (संपूर्ण विषय) ₹1,230 ₹1,600
स्वाध्यायी एक विषय ₹280 ₹500
स्वाध्यायी दो विषय ₹340 ₹600
परीक्षा केंद्र परिवर्तन शुल्क ₹240 ₹400
विलंब शुल्क (स्वाध्यायी) ₹770 ₹1,000
बाह्य/राज्य से बाहर के छात्रों का पंजीयन ₹1,540 ₹2,000
मंडल का कहना है कि लंबे समय से शुल्क में संशोधन नहीं किया गया था। बढ़ती प्रशासनिक और परीक्षा संबंधी लागत को देखते हुए शुल्कों में बदलाव का फैसला लिया गया है। हालांकि, फीस बढ़ने से छात्रों और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
नई दरें शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होंगी और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को संशोधित शुल्क के अनुसार भुगतान करना होगा।



















