रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 30 जुलाई से 2 अगस्त के बीच नई दिल्ली प्रवास पर हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस बीच भाजपा प्रदेश संगठन के नेताओं को दिल्ली बुलावे की खबर आई है। सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार को प्रदेशाध्यक्ष किरणदेव और प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय दिल्ली जा रहे हैं। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल को भी दिल्ली बुलाया गया है।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में कोई अहम बैठक प्रस्तावित की गई है। इस खबर मात्र से भाजपा की अंदरूनी राजनीति में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं का कहना है कि संगठन के नेताओं के दिल्ली जाने की खबर मिली है, लेकिन छत्तीसगढ़ के संदर्भ में किसी तरह की कोई बैठक आहूत की गई है, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। दरअसल मुख्यमंत्री श्री साय जब-जब दिल्ली या राजभवन जाते हैं, सबसे पहले मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा शुरू हो जाती है। हालांकि मंत्रिमंडल विस्तार बीरबल की खिचड़ी बन चुका है। रोज नए नामों पर चर्चा होती है। इन दिनों यह चर्चा बहुत तेज है कि मंत्री बनने की दौड़ में आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब और बसना विधायक संपत अग्रवाल आगे निकल गए हैं।
हालांकि एक चर्चा यह भी है कि जब भी मंत्रिमंडल का विस्तार होगा तो हरियाणा का फार्मूला लागू किया जाएगा, जिसके तहत मुख्यमंत्री समेत मंत्रियों की संख्या बढ़कर 14 हो जाएगी, किंतु मंत्री पद पर नियुक्ति केवल दो विधायकों की होगी, एक पद रिक्त ही रखा जाएगा। संगठन के नेताओं के दिल्ली दौरे को लेकर एक चर्चा यह भी है कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरणदेव की नई टीम के गठन को आलाकमान की मंजूरी दिलाना है, जो पिछले 7 महीने से लंबित है। इसके साथ ही शेष बचे निगम, मंडल, आयोग में भी नियुक्तियों को हरी झंडी मिलने की संभावना है। वहीं ताजा मामला क्रेडा से जुड़ा है, जिसमें अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी की शिकायत दिल्ली तक पहुंच गई है और दिल्ली के नेता इस मामले को लेकर नाराज बताए जा रहे हैं।



















