CM Helpline 1076: छत्तीसगढ़ सरकार ने आम जनता की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा 1076 शुरू करने का फैसला किया है। इस पहल के माध्यम से प्रदेश के लोग अपनी शिकायतें, सुझाव और समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे। सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का उद्देश्य जनता और शासन के बीच संवाद को मजबूत बनाना तथा शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है। हेल्पलाइन के जरिए प्राप्त शिकायतों की निगरानी की जाएगी और संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन और जनसेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नई हेल्पलाइन व्यवस्था से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उनकी बात सीधे प्रशासन तक पहुंचेगी।
वहीं महानदी भवन में मुख्य कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नया रायपुर के CBD में बने आधुनिक CM हेल्पलाइन कॉल सेंटर का निरीक्षण किया. यह पहल राज्य में पारदर्शिता बढ़ाने और जनता व प्रशासन के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी.
छत्तीसगढ़ में CM हेल्पलाइन नंबर शुरू
दरअसल, रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ के नागरिकों को अब पहली बार अपनी चिंताएं सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय तक पहुंचाने का मौका मिलेगा. आज से शुरू हुई CM हेल्पलाइन 1076 के जरिए लोग अपनी अलग-अलग समस्याओं और शिकायतों को दर्ज करा सकेंगे. इस प्लेटफ़ॉर्म पर सफाई सेवाओं में लापरवाही, पेंशन से जुड़ी समस्याओं, पुलिस द्वारा FIR दर्ज करने से इनकार करने, सरकारी कर्मचारियों द्वारा रिश्वत की मांग या बुज़ुर्गों के साथ दुर्व्यवहार जैसी शिकायतों को दर्ज किया जा सकता है. इसके अलावा नागरिक आधिकारिक CM हेल्पलाइन पोर्टल पर जरूरी दस्तावेज देकर ऑनलाइन भी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं.
CM हेल्पलाइन नंबर 1076 की खासियत
इस हेल्पलाइन की सबसे खास बात इसका मल्टी-चैनल तरीका है. लोग न सिर्फ टोल-फ्री नंबर 1076 पर कॉल करके अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं, बल्कि खास वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और WhatsApp चैटबॉट के जरिए भी शिकायतें भेज सकते हैं. सरकार ने स्पष्ट किया है कि उनका जोर सिर्फ कागजों पर शिकायतों का निपटारा करने के बजाय, तय समय के अंदर अच्छी क्वालिटी का समाधान देने पर होगा.



















