रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत करने जा रही है। यह हेल्पलाइन 9 जून से पूरे राज्य में संचालित होगी, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतें और समस्याएं सीधे दर्ज करा सकेंगे। सरकार का उद्देश्य विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है। हेल्पलाइन शुरू होने के बाद लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। वे सिर्फ 1076 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के जरिए प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा और उनके निराकरण की निगरानी भी की जाएगी। शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत की स्थिति की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे समाधान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
राज्य सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सुशासन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे जनता की शिकायतों का निपटारा अधिक व्यवस्थित और जवाबदेह तरीके से किया जा सकेगा।



















