बारिश के बाद सड़कों की हालत खराब हो गई है। इनमें जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इन खस्ताहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस सड़क पर उतर आई है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय केशरवानी की अगुवाई में कांग्रेसियों एवं ग्रामीणों ने ग्राम खमतराई बस्ती में दो घंटे से भी ज्यादा समय तक प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने विरोध स्वरुप सड़क पर धान की रोपाई भी कर दी। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रही। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खमतराई में अनोखा प्रदर्शन हुआ। कांग्रेसियों के साथ ग्रामीणों ने खस्ताहाल सड़कों को लेकर सड़क पर उतरकर आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों को बदहाल सड़कों के बीच से आना-जाना करना पड़ रहा है। इससे कई बार सरकार के नुमाइंदों को अवगत कराया गया। इसके बाद भी कुछ नहीं हो रहा है। इससे लोग परेशान हैं। इसलिए ग्रामीणों ने कांग्रेस के आंदोलन से जुड़कर अपने गुस्से का इजहार किया। खराब मौसम के बाद भी काफी संख्या में ग्रामीण इक्कठा हुए। इस दौरान पीडब्ल्यूडी, नगर निगम के अफसरों, राज्य सरकार के नुमाइंदों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी की अगुवाई में कांग्रेसियों के साथ ग्रामीणों ने खमतराई की कीचड़ और गड्ढों वाले सड़क में धान का रोपा लगाकर विरोध दर्ज कराया। धान की रोपाई के बाद गड्ढों का नामकरण भाजपा के नेताओं के नाम पर किया गया। इस आंदोलन में राजेंद्र साहू, भुवनेश्वर यादव, विनोद साहू, झगरराम सूर्यवंशी, लक्ष्मीनाथ साहू, भरत कश्यप, शिल्पी तिवारी, पुष्पेन्द्र साहू, मोहन श्रीवास, सुनील सोनकर, साखन दर्वे, पवन साहू, देवेन्द्र मिश्रा, रामा बघेल, बजरंग बंजारे, रामप्रकाश साहू, मनीष गढ़वाल, भागीरथी यादव, मनीष सेंगर, मनोज शर्मा, अशोक सूर्यवंशी, सुरेन्द्र तिवारी, बालचंद साहू, हितेश देवांगन, रामप्रसाद ध्रुव, अंकित प्रजापति, कामाक्षी पाटनवार, अजय काले, शेरसिंह कश्यप, सुजीत यादव, बबली खान, राकेश साहू, निलय शर्मा, शैलेष मिश्रा, सागर कुर्रे, कुंती उईके, संजय भास्कर, सूर्यकांत साहू, अनिल बंजारे, बद्री शर्मा, आशीष यादव, अर्जुन यादव, पिंटू वर्मा, राजीव साहू आदि उपस्थित थे।
हर ब्लॉक मुख्यालय में करेंगे प्रदर्शन
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी ने धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के खमतराई से कांग्रेस के बैनर तले आंदोलन की शुरूआत कर दी है। इसके बाद जिले के सभी ब्लाक मुख्यालयों में खराब सड़कों को जल्द बनाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन करेंगे। जिले की सड़कें बारिश शुरू होने के बाद से बेहद खराब हैं। अधिकांश जगहों पर तो सड़कें ही नहीं हैं। गड्ढों पर सड़क नजर आ रही है। सरकार के नुमाइंदे जुमलेबाजीकर रहे हैं पर काम नहीं कर रहे हैं।



















