ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के अनूपपुर–कटनी रेलखंड में विकास को मिल रही है नई गति

तीसरी लाइन, 110 किमी/घंटा गति, अमृत भारत स्टेशन योजना एवं बेहतर यात्री सुविधाओं से रेल संचालन हुआ है और अधिक सुरक्षित एवं सुगम

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल अंतर्गत अनूपपुर (APR)–कटनी (KTE) रेलखंड में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण के विभिन्न कार्य तेजी से पूर्ण किए जा रहे हैं। तीसरी लाइन, गति वृद्धि, अमृत भारत स्टेशन योजना, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा संरक्षा संबंधी कार्यों के परिणामस्वरूप इस महत्वपूर्ण रेलखंड की परिचालन क्षमता, सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

तीसरी लाइन से बढ़ी परिचालन क्षमता

अनूपपुर–कटनी रेलखंड पर 165.52 किलोमीटर लंबी तीसरी लाइन के चालू होने से रेल परिचालन अधिक सुगम, सुरक्षित एवं समयबद्ध हुआ है। अतिरिक्त लाइन उपलब्ध होने से यात्री एवं मालगाड़ियों का संचालन बेहतर ढंग से किया जा रहा है। इससे लाइन क्षमता में वृद्धि हुई है तथा ट्रेनों के संचालन में गतिशीलता आई है।

110 किमी/घंटा गति लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि

रेलखंड में गति वृद्धि (Speed Raising) के अंतर्गत अनूपपुर (APR)–सिंहपुर (SNGP), लोरहा (LOA)–विलायतकलां (VYK) तथा रुपौंद (RPD)–न्यू कटनी जंक्शन (NKJ) खंडों पर 110 किमी/घंटा की गति सफलतापूर्वक लागू की जा चुकी है। वहीं सिंहपुर (SNGP)–लोरहा (LOA) तथा विलायतकलां (VYK)–रुपौंद (RPD) खंड पर भी 110 किमी/घंटा गति लागू करने के लिए आवश्यक कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। गति वृद्धि से ट्रेनों के समयपालन में और सुधार होगा तथा रेल परिचालन की समग्र दक्षता और क्षमता में वृद्धि होगी।

अमृत भारत स्टेशन योजना से आधुनिक बन रहे स्टेशन

रेलखंड के प्रमुख स्टेशन अनूपपुर, शहडोल एवं उमरिया में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत व्यापक विकास कार्य प्रगति पर है जो कि पूर्णता की ओर अग्रसर है । स्टेशन भवनों का आधुनिकीकरण, सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, बेहतर पहुंच मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं तथा अन्य यात्री सुविधाओं का विस्तार तथा स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा।

यात्री ट्रेनों के संचालन एवं ठहराव में सुधार

इस खंड की बढ़ी हुई क्षमता के कारण विभिन्न स्टेशनों पर यात्री गाड़ियों के संचालन एवं ठहराव में भी सुधार किया जा रहा है। इस सेक्शन की क्षमता बढ़ने के कारण यात्रियों की सुविधा के लिए रानी कमलापति-सांतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस का अनूपपुर, बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस का नौरोजाबाद व रुपोंद स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव भी प्रदान किया गया है। जिससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और छात्र-छात्राओं को यात्रा करने में अभूतपूर्व सुविधा हो रही है।

अनुरक्षण कार्यों में आई तेजी, संरक्षा हुई और मजबूत

तीसरी लाइन उपलब्ध होने से ट्रैक अनुरक्षण के लिए आवश्यक मेंटेनेंस ब्लॉक आसानी से मिल रहे हैं। इससे अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता में सुधार हुआ है तथा रेल संरक्षा और अधिक सुदृढ़ हुई है। किसी भी आकस्मिक स्थिति अथवा ब्रेकडाउन की स्थिति में तीसरी लाइन के माध्यम से रेल यातायात को निर्बाध रूप से संचालित किया जा रहा है । द्विदिश (Bi-directional) परिचालन की सुविधा से परिचालन में लचीलापन बढ़ा है तथा ट्रेनों के विलंब में भी कमी आई है।

दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं का विस्तार

यात्रियों, विशेषकर दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिंहपुर, घुंघुटी, बुढ़ार, बीरसिंहपुर, नौरोजाबाद व चंदिया रोड स्टेशन में रैम्प की सुविधा, सभी स्टेशनों में दिव्यांगजन अनुकूल पार्किंग सुविधा, सभी स्टेशनों में दिव्यांगजन अनुकूल सीटिंग व्यवस्था, बुढ़ार, बधवाबारा, करकेली स्टेशनों में दिव्यांगजन अनुकूल शौचालय की सुविधा, अनूपपुर, शहडोल व उमरिया स्टेशनों में दिव्यांगजन अनुकूल टिकट काउंटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है | साथ ही लोरहा, चंदिया, विलायतकलां, रुपौंद एवं झलवारा स्टेशनों पर दिव्यांगजन अनुकूल शौचालयों का निर्माण एवं उन्नयन किया जा रहा है। इन कार्यों से सभी वर्गों के यात्रियों के लिए अधिक समावेशी एवं सुविधाजनक रेलवे अवसंरचना विकसित होगी।

आधुनिक, सुरक्षित एवं उच्च क्षमता वाले रेलखंड की ओर बढ़ते कदम

अनूपपुर–कटनी रेलखंड में किए जा रहे इन विकास कार्यों से माल परिवहन, यात्री सेवाओं, अनुरक्षण व्यवस्था एवं रेल परिचालन की क्षमता में निरंतर वृद्धि हो रही है। शेष कार्य पूर्ण होने के उपरांत यह रेलखंड दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सर्वाधिक आधुनिक, सुरक्षित एवं उच्च क्षमता वाले रेलखंडों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।

What's your reaction?

Related Posts